Ground Floor News 2026: मानेसर में शुरू हुई चालान भुगतान विंडो: अब चालान भरने के लिए ट्रैफिक टावर जाने की नहीं होगी जरूरत
गुरुग्राम। अब वाहनों के चालान भुगतने के लिए मानेसर के लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। ट्रैफिक पुलिस ने मानेसर में भी अब चालान भुगतान विंडो की शुरुआत कर दी है। DCP ट्रैफिक ने बताया कि मानेसर कार्यालय में इसकी शुरुआत कर दी गई है।
🏢 DCP मानेसर कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर पर मिली सुविधा
ट्रैफिक पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि यातायात चालानों के भुगतान में सुविधा प्रदान करने और अनावश्यक इंतजार से बचाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त यातायात द्वारा पहले ट्रैफिक टावर में एक विंडो के स्थान पर 6 चालान भुगतान विंडो शुरू की गई थीं, ताकि नागरिकों को लंबा इंतजार न करना पड़े और भुगतान प्रक्रिया सुगम हो सके। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए अब मानेसर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा के लिए DCP मानेसर कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर पर भी चालान भुगतान विंडो शुरू की गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों को चालान भुगतान के लिए सेक्टर-28, सुशांत लोक स्थित ट्रैफिक टावर तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
⏱️ समय और आवागमन की परेशानी से मिलेगी राहत
इस सुविधा के शुरू होने से मानेसर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को अपने यातायात चालानों का जुर्माना भरने के लिए अब सेक्टर-28, सुशांत लोक स्थित कार्यालय तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। नागरिक DCP मानेसर कार्यालय पहुंचकर ग्राउंड फ्लोर पर स्थापित इस विंडो के माध्यम से अपने लंबित चालानों का भुगतान कर सकेंगे। इससे लोगों के समय और आवागमन में लगने वाली अनावश्यक परेशानी की बचत होगी। पुलिस उपायुक्त यातायात की इस पहल का उद्देश्य यातायात पुलिस की सेवाओं को आमजन के और करीब लाना, चालान भुगतान की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाना तथा नागरिकों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना है।