गुरुग्राम: उद्योग विहार की फैक्ट्री में भीषण आग, शीशा तोड़कर बचाई 5 श्रमिकों की जान

गुरुग्राम के उद्योग विहार फेज-1 में प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी आग। धुएं के बीच फंसे 5 मजदूरों को दमकल कर्मियों ने शीशा तोड़कर निकाला। शॉर्ट सर्किट से मची अफरा-तफरी।

 
उद्योग विहार न्यूज़ आज

गुड़गांव : उद्योग विहार फेज-1 में आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने के कारण पांच श्रमिक अंदर ही फंस गए जिन्हें दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया। धुएं के कारण यह लोग अंदर फंस गए थे जिन्हें दमकल कर्मियों ने शीशा तोड़कर बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

दमकल अधिकारियों ने बताया कि घटना आज सुबह करीब सवा 11 बजे हुई। उद्योग विहार फेज-1 की एक प्लास्टिक बॉल (खाना बनाने के उपकरणों में प्रयोग होने वाली) बनाने वाली कंपनी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। यह आग बेसमेंट से लगनी शुरू हुई। इससे पूरे में धुआं फैल गया। इस आग के कारण बेसमेंट में व ग्राउंड फ्लोर पर पांच श्रमिक फंस गए जिनका धुएं से बुराहाल होने लगा। बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में करीब 50 श्रमिक काम करते हैं जो समय रहते बाहर निकल गए थे, लेकिन यह पांच लोग अंदर ही फंसे रह गए।

सूचना मिलते ही दमकल की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंची जिन्होंने आग बुझाने के साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। यहां फैक्ट्री के साइड में बनी खिड़की का शीशा तोड़कर दमकल कर्मी फैक्ट्री के अंदर प्रवेश कर गए और उन्होंने अंदर फंसे श्रमिकों को रेस्क्यू किया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। दमकलकर्मियों के मुताबिक, अंदर विपुल राणा, सौरभ, तनुजा, नूरजहां, मोहित फंस गए थे जिन्हें पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां इनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है।

वहीं, दमकल अधिकारियों ने बताया कि आग पर आधे घंटे में ही काबू पा लिया गया था, लेकिन धुएं के कारण काफी परेशानी हुई। फैक्ट्री से धुआं निकालकर सर्च ऑपरेशन चलाने में ही समय लगा है। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक तौर की जांच के दौरान सामने आया है कि आग किसी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है।