Gurugram Water Crisis 20000 People Affected News 2026: गुड़गांव में 3 दिन से पेयजल संकट: 20 हजार से ज्यादा लोग परेशान, टैंकर तक की नहीं हुई व्यवस्था

गुड़गांव में 3 दिन से पेयजल संकट से 20 हजार लोग परेशान; वाल्व की मरम्मत जारी, शाम से पानी मिलने की उम्मीद।
 
Jyoti Park Krishna Colony Sector 7 news

गुड़गांव: गुड़गांव के 20 हजार से ज्यादा लोग पिछले तीन दिनों से पीने के पानी को तरस रहे हैं। लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। हैरत की बात यह है कि नगर निगम की तरफ से लोगों के लिए टैंकर की व्यवस्था तक नहीं की गई है जिसके कारण लोगों को दिक्कत हो रही है।

🚰 ज्योति पार्क, कृष्णा कॉलोनी और सेक्टर-7 में पानी की किल्लत; बिना सूचना आपूर्ति बाधित

पेयजल किल्लत से ज्योति पार्क, कृष्णा कॉलोनी, सेक्टर-7 एक्सटेंशन का एक हिस्सा पेयजल से वंचित है जिसके कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल किल्लत से 20 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हो रहे हैं जिन्हें पिछले तीन दिन से पानी नहीं मिल पा रहा है। वहीं, लोगों की मानें तो पानी की आपूर्ति बाधित करने से पहले न तो कोई जानकारी दी गई और न ही उन्हें यह बताया जा रहा है कि आखिर पेयजल आपूर्ति बाधित क्यों है। यदि किसी कारण से पेयजल आपूर्ति बाधित भी की गई है तो क्षेत्र में पानी के टैंकर की व्यवस्था की जानी थी ताकि लोग अपने रोजमर्रा के कार्यों को निपटा सकें।

🔧 वाल्व की मरम्मत जारी; आज शाम से पेयजल आपूर्ति मिलने की उम्मीद

वहीं, मामले में जब नगर निगम के JE वासु चौटाला से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पेयजल लाइन में लगे वाल्व में खराबी आ गई थी जिसे रिपेयर कराया गया है। इसकी रिपेयरिंग की जा रही है। दोपहर तक लाइन की मरम्मत का कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद बूस्टिंग स्टेशन में पानी आने लगेगा और लोगों को आज शाम से ही पेयजल मिलने लगेगा।