Gurugram News: जलभराव के बीच Cars24 ने उतारी नाव, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस; कंपनी ने पुलिस से क्यों मांगी माफी?

गुरुग्राम में बारिश के जलभराव के बीच Cars24 की नाव उतारने पर हंगामा। जानें ₹50 हजार चालान के दावे का पूरा सच।
 
कार्स24 वायरल पोस्ट

गुरुग्राम: भारी बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर Cars24 का एक अनोखा प्रचार अभियान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. कंपनी की ओर से जलभराव से भरी सड़क पर एक ब्रांडेड नाव उतारी गई और उसमें फंसे लोगों को रास्ता पार कराने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए.

जलभराव के बाद गुरुग्राम की सड़क पर चली नाव: कंपनी की वरिष्ठ अधिकारी प्राची शर्मा ने पोस्ट शेयर कर गुरुग्राम की जलभराव की समस्या पर तंज भी कसा. पोस्ट तेजी से वायरल हुई और बड़ी संख्या में लोगों ने इस पर प्रतिक्रिया दी. कई लोगों ने इसे गुरुग्राम में हर मानसून सामने आने वाली जलभराव की समस्या को उजागर करने का अलग तरीका बताया.

चालान को लेकर शुरू हुआ विवाद: मामला उस समय और चर्चा में आ गया, जब शुरुआती सोशल मीडिया पोस्ट से ये संदेश गया कि नाव सड़क पर उतारने के मामले में कंपनी पर 50 हजार रुपये का चालान किया गया है. इसके बाद सोशल मीडिया पर गुरुग्राम पुलिस और प्रशासन को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए.

गुरुग्राम पुलिस ने किया खंडन: बाद में स्थिति स्पष्ट हुई कि पुलिस की ओर से कार्रवाई या 50 हजार रुपये का कोई चालान नहीं हुआ है. पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक "नाव का कोई रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं होता, ना ही उसके लिए किसी लाइसेंस की जरूरत होती है. इसलिए चालान का कोई सवाल नहीं होता."

Cars24 ने कंपनी से मांगी माफी: इसके बाद कंपनी की ओर से पोस्ट को एडिट कर स्पष्ट किया गया कि की 50 हजार रुपये नाव तैयार करने में खर्च हुए थे, इसे चालान की राशि के तौर पर पेश किया गया था. कंपनी की ओर से इस गलतफहमी के लिए गुरुग्राम पुलिस और प्रशासन से माफी भी मांगी गई.