Instagram Suspended News 2026: गुड़गांव में मेटा कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन: घंटी बजाकर जताया विरोध, अकाउंट बहाल करने की मांग

गुड़गांव मेटा कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस का घंटी बजाकर प्रदर्शन; सस्पेंड अकाउंट बहाल न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी।
 
Haryana news today Hindi

गुड़गांव: युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और प्रभारी मनीष शर्मा का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड करने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने एक बार फिर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस बार युवा कांग्रेस ने शांतिपूर्वक तरीके से अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के पदाधिकारी यहां घंटी लेकर पहुंचे और कार्यालय के बाहर घंटी बजाकर मेटा अधिकारियों को जगाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मेटा और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किए जाने की गंभीर चिंता सामने आ रही है। हरियाणा सहित देश के अलग-अलग राज्यों में युवा कांग्रेस के प्रदेश, जिला और अन्य स्तरों के नेताओं तथा कांग्रेस पार्टी के नेताओं के फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट बंद किए जा रहे हैं। आखिर विपक्ष के नेताओं की आवाज से भाजपा को इतनी परेशानी क्यों है? मेटा को स्पष्ट करना चाहिए कि इन नेताओं के अकाउंट किस आधार पर बंद किए गए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि मेटा भाजपा की कठपुतली बनकर काम कर रहा है।

📢 अकाउंट बहाल न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने साफ कर दिया कि यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक मेटा सस्पेंड किए गए अकाउंट को बहाल नहीं कर देता। उन्होंने कहा कि मेटा की तरफ से रोजाना ही हजारों पोस्ट डिलीट की जा रही हैं और अकाउंट सस्पेंड किए जा रहे हैं। ऐसे में साफ है कि मेटा केवल भाजपा सरकार के लिए काम करता है। जो भी भाजपा सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करता है, उसके अकाउंट को सस्पेंड करने के साथ ही वीडियो या पोस्ट को डिलीट कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही इस पर मेटा को कार्रवाई करते हुए सस्पेंड किए गए अकाउंट को बहाल नहीं किया तो वह बड़ा आंदोलन करने को विवश हो जाएंगे।

🚔 तीन दिन पहले भी हुआ था प्रदर्शन, पुलिस बल रहा मौजूद

उन्होंने कहा कि RSS और भाजपा के प्रभाव में विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमारी मांग है कि सभी प्रभावित युवा कांग्रेस और कांग्रेस नेताओं के फेसबुक एवं इंस्टाग्राम अकाउंट तत्काल बहाल किए जाएं। आपको बता दें कि तीन दिन पहले भी युवा कांग्रेस ने मेटा कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया था। इस दौरान मौजूद भारी पुलिस बल ने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया को हिरासत में लिया था, लेकिन कुछ देर बाद ही चेतावनी देकर छोड़ दिया था। इसके बाद एक बार फिर आज युवा कांग्रेस के पदाधिकारी मेटा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंच गए और घंटी बजाकर मेटा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने साफ कर दिया कि वह जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी और इस तरह की कार्रवाई से डरने वाली नहीं है।

🤝 प्रदेश, जिला व हलका पदाधिकारियों ने लिया भाग

इस विरोध प्रदर्शन में हरियाणा युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों, विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्षों एवं हलका अध्यक्षों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रदेशभर से पहुंचे युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर मेटा के खिलाफ आवाज बुलंद की और कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के नेताओं के समर्थन में अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। इस दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मेटा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि मेटा अब निष्पक्ष सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की भूमिका निभाने के बजाय भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। प्रदेश और जिला स्तर पर युवा कांग्रेस के नेताओं के साथ-साथ कांग्रेस के अन्य नेताओं के फेसबुक एवं इंस्टाग्राम अकाउंट बंद करना विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और तानाशाही रवैया है।