हांसी: चानौत धरना मामले में पूर्व सरपंच सोमेश शर्मा गिरफ्तार, रिमांड पर
हांसी पुलिस ने चानौत धरना मामले में पूर्व सरपंच सोमेश शर्मा को गिरफ्तार किया। पाइपलाइन में अवैध कनेक्शन के आरोप में कोर्ट ने एक दिन के रिमांड पर भेजा।
हांसी : चानौत धरना मामले में हांसी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पूर्व सरपंच सोमेश शर्मा को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने अब पूर्व सरपंच सोमेश शर्मा को किया कोर्ट में पेश जहां से कोर्ट ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
बता दें कि पूर्व सरपंच पर 20 जून को भाखड़ा नहर से हांसी के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन में अवैध रूप से टी (कनेक्शन) लगाने में अहम भूमिका निभाने का आरोप है।
मिली जानकारी के अनुसार हांसी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी सोमेश शर्मा दिल्ली की ओर जाने की कोशिश कर रहा है। बाद में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रामायण टोल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
हांसी पुलिस का कहना है कि सरकारी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की अवैध छेड़छाड़ या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कौन हैं सोमेश शर्मा
सोमेश शर्मा मूलरूप से चरखी दादरी के रहने वाले हैं। उनका नाम पहली बार जून 2026 में हांसी क्षेत्र के चानौत गांव में चल रहे पेयजल आंदोलन के दौरान चर्चा में आया। वे हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के पूर्व प्रधान रह चुके हैं। आंदोलन के दौरान वे चानौत गांव पहुंचे थे और ग्रामीणों के बीच सक्रिय भूमिका निभाई थी।
20 जून 2026 को भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन में कथित रूप से अवैध 'टी' (T-Connection) लगाए जाने की घटना में उनका नाम सामने आया। बताया गया कि उन्होंने ग्रामीणों के बीच यह दावा किया था कि सरकार की ओर से टी-कनेक्शन की मंजूरी मिल गई है।
हालांकि, बाद में प्रशासन ने उस टी-कनेक्शन को अवैध बताते हुए हटा दिया और सरकार ने भी सोमेश शर्मा के किसी आधिकारिक प्रतिनिधि होने से इनकार किया। इसके बाद चानौत धरना समिति ने भी उनसे दूरी बना ली थी।

