हांसी: चानौत गांव में पानी की किल्लत, DC ने ग्रामीणों से की धरना खत्म करने की अपील
हांसी के चानौत गांव में पानी के लिए चल रहे धरने पर डीसी डॉ. राहुल नरवाल का बड़ा बयान। नई पाइपलाइन का काम शुरू, प्रशासन ने ग्रामीणों से आंदोलन खत्म करने को कहा।
हांसी : हांसी के चानौत गांव में पानी की मांग को लेकर चल रहे धरने और आमरण अनशन के बीच हांसी के डीसी डॉ. राहुल नरवाल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ग्रामीणों और धरना कमेटी से आंदोलन समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन गांव की पानी की समस्या का समाधान करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और राजली हेड से नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी शुरू हो चुका है।
डीसी ने कहा कि धरना स्थल पर आमरण अनशन कर रहे बुजुर्ग की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने धरना कमेटी से आग्रह किया कि अनशनकारियों को अस्पताल में भर्ती करवाकर उचित उपचार कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी धरना कमेटी की होगी। राहुल नरवाल ने कहा कि सरकार पहले ही अलग पाइपलाइन देने की मांग स्वीकार कर चुकी है। चाहे 8 इंच की पाइपलाइन हो या 10 इंच की, मुख्य मुद्दा ग्रामीणों को पर्याप्त और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना है, जिस पर प्रशासन लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि राजली हेड से 10 इंच की पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हो चुका है और आने वाले दो से तीन महीनों में गांव को नियमित जलापूर्ति मिलने लगेगी।
डीसी ने ग्रामीणों को विकास के अन्य मुद्दों पर भी प्रशासन से बातचीत करने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्यों को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सहयोग करेगा। इसके लिए ग्रामीण पांच सदस्यों की एक वाटर एंड सैनिटेशन कमेटी बनाकर प्रशासन के साथ मिलकर काम कर सकते हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन ने चानौत गांव के पानी की गुणवत्ता की जांच की है और अधिकारियों ने स्वयं उस पानी को पीकर ग्रामीणों का विश्वास जीतने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पानी और बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान हेतु एक विशेष हॉटलाइन नंबर भी शुरू किया जाएगा, जिस पर 24 घंटे शिकायतें दर्ज करवाई जा सकेंगी। वाटर कंजर्वेशन पर जोर देते हुए डीसी ने कहा कि केवल पानी की मांग करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके संरक्षण पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने चानौत गांव को जल संरक्षण का मॉडल गांव बनाने की बात कही और रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा रिचार्ज बोरवेल जैसी योजनाओं पर काम करने का सुझाव दिया। डीसी राहुल नरवाल ने दोहराया कि प्रशासन और सरकार हर समय बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने ग्रामीणों से धरना समाप्त कर सकारात्मक संवाद के माध्यम से समस्या का स्थायी समाधान निकालने की अपील की।

