Hansi Fire News: हांसी के छाबड़ा चौक पर गौरव गारमेंट्स में लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख
हांसी के व्यस्त छाबड़ा चौक पर स्थित गौरव गारमेंट्स में रविवार को लगी भीषण आग। फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियों ने पाया काबू। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका।
हांसी : हांसी के व्यस्त छाबड़ा चौक स्थित गौरव गारमेंट्स की दुकान में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग ने विकराल रुप किया धारण
जानकारी के अनुसार आग दुकान के प्रथम तल पर लगी थी, जहां बड़ी मात्रा में रेडीमेड कपड़े और अन्य सामान रखा हुआ था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। आग से दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया।
फायर ब्रिगेड कर्मचारी विनोद के अनुसार आग लगते ही दुकान से धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं। आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। फायर कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि प्रशासन और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

