हांसी: जिम संचालक की गोलियों से भूनकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात
हांसी के फव्वारा चौक पर जिम संचालक की बाइक सवार हमलावरों ने की हत्या। 5 सेकंड में दागी 10 गोलियां। एक युवती भी घायल। वारदात CCTV में कैद, पुलिस जांच में जुटी।
हांसी: फव्वारा चौक के पास गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे सनसनीखेज वारदात में बाइक सवार हमलावरों ने एक जिम संचालक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी. हमलावरों ने महज 5 सेकंड के भीतर करीब 10 राउंड फायर किए, जिनमें कई गोलियां जिम संचालक की पीठ और सिर में लगीं. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. फिलहाल इस मामले पर कोई भी नहीं बोल रहा है.
हांसी में जिम संचालक की हत्या: घटना के समय जिम संचालक दुकानों के रैंप पर युवक-युवतियों को सुबह की एक्सरसाइज करवा रहा था. इसी दौरान हेलमेट पहने बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए. फायरिंग के दौरान वार्म-अप कर रही शिखा नामक युवती भी छर्रे लगने से घायल हो गई. उसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.
सीसीटीवी में कैद वारदात: वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें हमलावर जिम संचालक को गोली मारते नजर आ रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की कुछ दिन पहले ही लव मैरिज हुई थी. पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं. हत्याकांड के बाद शहर में दहशत का माहौल है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी: सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. फिलहाल पुलिस ने पूरे जहा इस घटना को अंजाम दिया गया है. पुलिस ने उस जगह को कवर कर लिया है. पुलिस इस पूरे मामले पर कुछ नहीं बोल रही है.

