Hansi Murrah Buffalo Sold for 6 Lakhs: हांसी के भाटला गांव में बिकी 6 लाख रुपये की मुर्राह भैंस, रोजाना देती है 21 लीटर दूध
हांसी : मुर्राह नस्ल की उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण भैंसों की बढ़ती मांग के बीच भाटला गांव में एक मुर्राह नस्ल की भैंस 6 लाख रुपए में बिकी है। भैंस के मालिक बजे सिंह से जींद जिले के गांव ईटल निवासी रतन सिंह ने खरीदा है। प्रगतिशील किसान बजे सिंह ने बताया कि यह भैंस प्रतिदिन 21 लीटर दूध देती है। इस भैंस की माँ ने भी लगभग 25 लीटर प्रतिदिन दूध दिया था, जो इसकी अच्छी दुग्ध उत्पादन क्षमता वाले वंश की विशेषता को दर्शाता है।
बजे सिंह पिछले 2 सालों में इस प्रकार की 4 मुर्राह नस्ल की भैंसें बेच चुके हैं तथा उनके पास अब भी कई अच्छी नस्ल की मुर्राह नस्ल की भैंसें व झोटे हैं। भैंस की बिक्री के अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी विभाग से पशु चिकित्सक डा. रीतू रानी, वी.एल.डी.ए. अमित यादव, पशु परिचर विनोद कुमार व भाटला गांव के अनेक पशुपालक मौजूद रहे।
पशु चिकित्सालय भाटला की पशु चिकित्सक डा. रीतू रानी ने पशुपालकों से मुर्राह नस्ल की विशेषताओं, पशुपालन प्रबंधन तथा अच्छी नस्ल के पशुओं के आर्थिक महत्व पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि अच्छी नस्ल, कृत्रिम गर्भादान, वैक्सीनेशन, उचित पोषण, नियमित स्वास्थ्य देखभाल एवं बेहतर पशु प्रबंधन से डेयरी व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।