Mirchpur Road Accident Haryana: मिर्चपुर के पास भीषण सड़क हादसा, जींद से लौट रहे दो युवकों समेत तीन की गई जान

हांसी के नारनौंद क्षेत्र में दो बाइकों की टक्कर में तीन युवकों की मौत। जींद से लौट रहे थे युवक, पुलिस जांच में जुटी।
 
Naranaud news

हांसी: हांसी के नारनौंद क्षेत्र में बरवाला-जींद रोड पर गांव मिर्चपुर के पास देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

जींद से लौट रहे थे दो युवक: पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक खेड़ी जालब निवासी करीब 30 वर्षीय कपिल और खेड़ी लोहचब निवासी करीब 33 वर्षीय मोहित बाइक से जींद गए थे. देर रात दोनों अपने गांव लौट रहे थे. मिर्चपुर के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई.

सामने से आ रही बाइक से हुई टक्कर: वहीं, मृतक कपिल के परिजन विनोद कुमार ने बताया कि, "सामने वाली बाइक पर इटल कलां निवासी विजय कुमार उर्फ पोला सवार था. वह बरवाला अस्पताल में बिजली कर्मचारी था और ड्यूटी खत्म करके घर लौट रहा था. टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया."

तीनों परिवारों में पसरा मातम: हादसे में कपिल, मोहित और विजय कुमार की मौत हुई है. विजय की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है. वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं. मोहित के भी दो बच्चे हैं. तीन युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा है.

पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाए: इधर, हादसे की सूचना मिलते ही मिर्चपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर हांसी नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया. मिर्चपुर चौकी प्रभारी खेता राम ने बताया कि, "हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. शव पोस्टमार्टम के लिए हांसी नागरिक अस्पताल भेजे गए हैं. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. हादसे के बाद खेड़ी जालब, खेड़ी लोहचब और इटल कलां गांव में शोक का माहौल है."