हांसी: ट्रैक्टर की चपेट में आने से 10 वर्षीय साइकिल सवार बच्चे की मौत
हांसी के कुंदनापुर रोड पर ट्रैक्टर की टक्कर से चौथी कक्षा के 10 वर्षीय छात्र विनय की मौत। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
हांसी : हांसी में एक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। कुंदनापुर रोड पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे हांसी के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान हुड्डा सेक्टर-5 निवासी विनय (10) पुत्र रमेश के रूप में हुई है। विनय चौथी कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब साढ़े तीन बजे विनय अपनी साइकिल पर कुंदनापुर रोड की ओर जा रहा था। तभी पीछे से आए एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह ट्रैक्टर के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और अनाज मंडी पुलिस चौकी से एसआई अनिल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। जांच अधिकारी एसआई अनिल ने बताया कि डायल-112 से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयान और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

