हरियाणा में बीजेपी शुरू करेगी नया सेवा पोर्टल, गुरु रविदास संदेश यात्रा और तिरंगा यात्रा की तैयारी

पंचकूला में बीजेपी अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पार्टी के 5 चरणों के कार्यक्रमों की घोषणा की। साथ ही 'बीजेपी फॉर हरियाणा सेवा पोर्टल' और हुड्डा पर तीखा हमला बोला।

 
हरियाणा ताजा राजनीति खबर

पंचकूला: हरियाणा भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डाक्टर अर्चना गुप्ता ने को पंचकूला स्थित प्रदेश कार्यालय, "पंचकमल" में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पार्टी के पांच चरणों में होने वाले कार्यक्रम की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि देश भर में 29 जुलाई से शुरू हुए कार्यक्रम 20 फरवरी तक जारी रहेंगे.

युवा पीढ़ी तक संदेश पहुंचाने की जरूरत: डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि, "गुरु रविदास महाराज के संदेश को युवा पीढ़ी को देने की कोशिश की जाएगी. इसके लिए 4 अगस्त को गुरुग्राम से हरियाणा के सभी जिलों में कलश से पवित्र मिट्टी पहुंचाई जाएगी. इस पवित्र मिट्टी को आगे मंडल व गांव-गांव पहुचाया जाएगा." गुरुग्राम में 4 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत अन्य मंत्री और प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता व अन्य मौजूद रहेंगे.

जालंधर से हरियाणा होकर निकलेगी यात्रा: डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने बताया कि, "कार्यक्रम के आखिरी में पंजाब के जांलधर से यात्रा शुरू होकर हरियाणा से निकलते हुए वाराणसी पहुंचेगी. इसके अलावा 15 अगस्त को हर घर तिरंगा यात्रा के दौरान हर जिला और विधानसभा क्षेत्र और मंडलों में यह तिरंगा यात्रा जाएगी. वहीं, दो दिन पूर्व गठित हरियाणा भाजपा की नई टीम से भी डाक्टर अर्चना ने बेहतर काम करने की उम्मीद जताई. पहली टीम में प्रदेश के 25 जिलों को जोड़ा गया है. इनमें केवल जिला महेंद्रगढ़ और नूहं को शामिल नहीं किया गया. दूसरी टीम भी जल्द सामने होगी, जिसमें उन्होंने इन दोनों जिलों को जोड़ने की उम्मीद जताई."

बीजीपी फॉर हरियाणा सेवा पोर्टल: डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि, "आगामी दिनों में भाजपा द्वारा बीजेपी फॉर हरियाणा सेवा पोर्टल शुरू किया जाएगा. इसका कारण यह है कि हर कोई चौबीसों घंटे और सातों दिन पार्टी के लिए काम नहीं कर सकता, हर समय झंडा नहीं उठा सकता. लेकिन भाजपा के साथ जुड़कर किन्ही विषयों या क्षेत्र में काम करना चाहता है अपने अपने पसंदीदा विषयों/क्षेत्रों में दिलचस्पी से काम करना चाहते हैं, ऐसे लोग भाजपा के प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के साथ मिलकर काम कर सकेंगे. ऐसे प्रबुद्ध लोगों को भाजपा के साथ जोड़ने की कोशिश की जाएगी. यह सभी लोग पोर्टल के माध्यम से स्वयं को पंजीकृत करवा सकेंगे, जिनकी मदद प्रकोष्ठ के पदाधिकारी करेंगे."

पूर्व मुख्यमंत्री पर नौकरी में भेदभाव का आरोप: इस दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता एक सवाल के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर बरसी. उन्होंने हरियाणवी भाषा की लोकक्ति देते हुए कहा कि, "छाज तो बोले, छालनी भी बोले"... उन्होंने पूर्व सीएम हुड्डा को नसीहत दे डाली कि वह कुछ न ही कहें तो अच्छा है. डाक्टर अर्चना गुप्ता ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर नौकरी बेचने और केवल एक विशेष वर्ग को नौकरी देकर भेदभाव करने के आरोप लगाए. दरअसल, हुड्डा ने सरकार को कोमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को डीएसपी बनाने का सुझाव दिया है. डॉ. अर्चना ने उनके इस सुझाव पर अपनी प्रतिक्रिया दी.

पंजाब विधानसभा चुनाव पर बोलीं: डॉ अर्चना गुप्ता ने कहा कि, "पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए केंद्र की ओर से जो भी आदेश आएगा, उसके अनुसार काम किया जाएगा. जिस किसी की जिम्मेदारी तय होगी, वह तो पंजाब जाएगा ही. इसके अलावा भी जो कोई अपने स्तर पर प्रभावी प्रयास कर सकेगा, उनसे वह काम लिया जाएगा. इस दौरान उन्होंने एसआईआर के तहत हरियाणा के करीब 33 लाख वोट कटने पर चिंता जताते हुए इस पर गंभीरता दिखाई. जिन लोगों के फॉर्म नहीं भरने के कारण वोट कटी हैं, उनके लिए भाजपा के कार्यकर्ता अब फार्म भरने में सहायता करेंगे. मेरी लोगों से भी फॉर्म नंबर 6 व फॉर्म नंबर 8 भरने की अपील है."

शिक्षण संस्थानों के पास नशा बिक्री पर लगाम: डॉ अर्चना गुप्ता ने आगे कहा, "शिक्षण संस्थानों के पास बिकने वाले नशीले पदार्थों पर रोक लगाने के लिए हरियाणा भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं की फौज उतारी है. उन्हें शिक्षण संस्थानों के नजदीक बिकने वाले नशे की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं, जिनके द्वारा दी जाने वाली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी."