Haryana Budget 2026: महिलाओं के नाम गाड़ी खरीदने पर टैक्स में 1% छूट; सरकारी बसों में पैनिक बटन और 4 नए ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर का ऐलान

हरियाणा बजट 2026: सीएम नायब सैनी ने महिलाओं के लिए गाड़ी खरीदने पर 1% टैक्स छूट और इलेक्ट्रिक वाहनों पर अतिरिक्त सब्सिडी की घोषणा की है। सुरक्षा के लिए बसों में पैनिक बटन, 4 नए ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर और 15 अगस्त तक 'रियल-टाइम बस ट्रैकिंग ऐप' शुरू होगा।

 
नायब सैनी बजट 2026 घोषणाएं

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में बतौर वित्त मंत्री ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया। यह पिछले बजट की तुलना में 10.28 प्रतिशत ज्यादा है।  मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि अगर कोई महिला अपने नाम पर गाड़ी खरीदती है, तो उसे टैक्स में 1% की छूट मिलेगी, जिससे महिलाओं को गाड़ी खरीदने में मदद मिलेगी। इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने पर टैक्स में पहले से ही 20% की छूट मिल रही है, जिसे और बढ़ाया जाएगा, ताकि लोग इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने के लिए प्रोत्साहित हों और प्रदूषण कम हो।

इसके अलावा, नूंह, फरीदाबाद, अंबाला और गुरुग्राम में ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे, ताकि अच्छे ड्राइवर तैयार हो सकें। सभी सरकारी बसों और टैक्सियों में ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन लगाए जाएंगे, जिससे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पैनिक बटन दबाने पर कंट्रोल रूम को पता चल जाएगा और तुरंत मदद भेजी जा सकेगी।

लोगों को बसों के बारे में जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए 15 अगस्त, 2026 तक एक मोबाइल ऐप शुरू किया जाएगा, जिससे बस कहां है और कब आएगी, यह पता चल सकेगा। इन सभी योजनाओं का मकसद महिलाओं को ताकत देना, प्रदूषण कम करना और लोगों के लिए परिवहन को आसान और सुरक्षित बनाना है।