हरियाणा कैबिनेट का बड़ा फैसला: ग्रुप-डी से क्लर्क प्रमोशन कोटा 30% हुआ, 27 अप्रैल को विशेष सत्र
गुरुग्राम में सीएम नायब सैनी की कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला! ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए क्लर्क प्रमोशन कोटा 20% से बढ़ाकर 30% किया गया। 27 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र।
गुरुग्राम : गुरुग्राम में पहली बार सीएम नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक हुई। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित इस मीटिंग में सीएम नायब सैनी और तमाम मंत्री पहुंचे। बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इस बैठक में हरियाणा विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र पर मुहर लग गई। विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र 27 अप्रैल को होगा।
बताया जा रहा है कि हरियाणा क्लेरिकल सर्विस बिल 2026 विधानसभा के स्पेशल सत्र में लाया जाएगा। मंत्रिमंडल की बैठक में हरियाणा के कॉमन कैडर के ग्रुप डी कर्मचारियों के प्रमोशन के लिए जरूरी नियम बनाने पर भी सहमति बनी। कॉमन कैडर ग्रुप डी कर्मचारियों ने अगर 5 साल से ज्यादा की सर्विस की पूरी और क्लर्क के पद पर प्रमोशन के लिए एलिजिबल हो जाएंगे। सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा क्लेरिकल सर्विसेज रिक्रूटमेंट एंड कंडीशंस ऑफ सर्विस बिल 2026 के मसौदे को मंजूरी दी गई। ड्राफ्ट बिल में क्लर्क के पद के लिए ग्रुप डी से प्रमोशन के कोटे को 20% से 30% करने का प्रावधान किया गया। साथ ही 5% एक्स ग्रेशिया पद रखने की अनिवार्यता भी नियमों में शामिल की गई।
सीएम सैनी ने विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 व 17 अप्रैल को संसद में जो कुछ हुआ उसने विपक्षी दलों का असली चेहरा देश के सामने उजागर किया। यह दिन देश के इतिहास में काले दिन के रूप में दर्ज हुआ। विपक्षी दलों ने महिलाओं को केवल वोट बैंक समझा, लेकिन निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी से वंचित रखा। नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं की भागीदारी कोई दया नहीं, उनका अधिकार है। विपक्ष ने परिसीमन के नाम पर झूठ और भ्रम फैलाया और कहा कि इससे कुछ राज्यों को नुकसान होगा। गृहमंत्री ने तथ्यों के साथ स्पष्ट किया कि किसी भी राज्य का प्रतिनिधित्व कम नहीं होगा। आने वाले समय में महिलाएं अपने वोट की ताकत से महिला विरोधी दलों को करारा जवाब देंगी।

