Haryana CM Nayab Saini Yamunanagar Visit: टूटी सड़क के विरोध की चेतावनी पर किसानों के बीच पहुंचे सीएम सैनी, दिया आश्वासन

यमुनानगर में टूटी सड़क के विरोध की चेतावनी के बीच सीएम नायब सैनी ने किसानों से मुलाकात कर समाधान का आश्वासन दिया।
 
Damla road construction

यमुनानगर: शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किसानों से मुलाकात की. दामला में टूटी सड़क से परेशान किसानों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के काफिले के विरोध का ऐलान किया था. इस बात की जानकारी सीएम को लगी तो उन्होंने किसान संगठन के जिला कार्यालय पहुंच कर किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को जाना.

सीएम ने किसानों से मुलाकात: भारतीय किसान यूनियन टिकैत ग्रुप के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने मुख्यमंत्री को दामला में रोककर सड़क की बदहाली दिखाने का ऐलान किया था. इस बीच मुख्यमंत्री ने रास्ते में ही किसान संगठन के जिला कार्यालय पर रुककर किसानों से बातचीत की. किसानों ने मुख्यमंत्री के सामने दामला की टूटी सड़क का मुद्दा उठाते हुए जल्द निर्माण करवाने की मांग की.

किसानों ने किया था प्रदर्शन का ऐलान: इसके बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और किसान संगठन के जिला कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. डीएसपी रादौर सुनील कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. प्रशासन की ओर से किसी भी तरह के टकराव को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी. इस बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को किसानों के विरोध और सड़क की समस्या की जानकारी मिली.

सीएम ने दिया समस्या के समाधान का आश्वासन: मुख्यमंत्री ने किसानों की बात सुनी और सड़क का निर्माण जल्द करवाने का आश्वासन दिया. इस तरह जिस मुद्दे को लेकर किसान मुख्यमंत्री को रोकने की तैयारी में थे, उसी मुद्दे पर मुख्यमंत्री खुद किसानों के बीच पहुंच गए. अब किसानों को मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद सड़क निर्माण शुरू होने का इंतजार है. किसानों ने विरोध की कॉल वापिस ले ली है.