हरियाणा: CM सैनी ने जारी की 1582 करोड़ की सौगात, जानें किसे मिलेगा लाभ

हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने DBT के जरिए 50 लाख से अधिक लाभार्थियों को 1582 करोड़ रुपये की राशि जारी की। लाडो लक्ष्मी और आवास योजना से जुड़ी पूरी जानकारी पढ़ें।

 
हरियाणा सामाजिक सुरक्षा पेंशन

चंडीगढ़: हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 1,582 करोड़ 16 लाख रुपये की राशि जारी की. इससे 50 लाख 20 हजार 460 लाभार्थियों को लाभ मिला.

सीएम की हरियाणावासियों को सौगात: मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख 83 हजार लाभार्थियों के खातों में 1,121 करोड़ 39 लाख रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए. जिसमें दयालु योजना के तहत 3,295 परिवारों को 125 करोड़ 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई. अब तक इस योजना में 77,330 परिवारों को 2,918 करोड़ 42 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जा चुकी है.

लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त जारी: सीएम ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त भी जारी की. इसके तहत 9 लाख 98 हजार महिलाओं के खातों में 209 करोड़ 69 लाख रुपये भेजे गए. मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक इस योजना की 9 किस्तों में कुल 1,832 करोड़ 69 लाख रुपये वितरित किए जा चुके हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत मई माह में गैस सिलेंडर रिफिल कराने वाली 5 लाख 16 हजार महिलाओं के खातों में 18 करोड़ 97 लाख रुपये की सब्सिडी भेजी गई. इस योजना के तहत अब तक 14 लाख 43 हजार पात्र महिलाओं को 320 करोड़ 97 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है.

मकान निर्माण के लिए 107 करोड़ रुपये जारी: इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 20,165 पात्र लाभार्थियों के खातों में मकान निर्माण के लिए 107 करोड़ रुपये जारी किए गए. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत अब तक 827 करोड़ 22 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है. प्रदेश में 76,466 मकान स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 41,260 मकान बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 35,206 मकानों का निर्माण कार्य जारी है.

सीधा लोगों के खातों में भेजी राशि: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में सीधे राशि भेजना सरकार की पारदर्शिता, सुशासन और जवाबदेही का प्रतीक है. इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है.