Congress Worker Meeting Bhiwani: चंदा चोरी, महंगाई और बेरोजगारी पर घिरी भाजपा, भिवानी में गरजे संजय दत्त

हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भिवानी के तिलक भवन पहुंचे। कार्यकर्ताओं से संवाद कर चारों विधानसभा सीटों पर जीत की रणनीति बनाई।

 
राव नरेंद्र सिंह भिवानी

भिवानी। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बुधवार को भिवानी पहुंचकर तिलक भवन में पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनहित की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती से लड़ेगा और आगामी चुनाव में एकजुट होकर पार्टी को विजयी बनाने के लिए जुटेगा।

जैन चौक स्थित तिलक भवन में हुई बैठक में भिवानी जिले की चारों विधानसभा सीटों के सांगठनिक ढांचे, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और भावी रणनीति पर चर्चा की गई। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए एकजुट होकर चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता मौजूदा कुशासन का जवाब देने के लिए तैयार है।

संजय दत्त ने चंदा चोरी, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान और धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा सरकार के नाक के नीचे चंदा चोरी हुई लेकिन सरकार कार्रवाई करने के बजाय आनाकानी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे स्पष्ट है कि सरकार को लोगों की भावनाओं से कोई सरोकार नहीं है और वह केवल अपनी जेबें भरने में लगी है।

प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सांगठनिक अनुशासन और कार्यकर्ताओं के सम्मान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर दिन-रात मेहनत करने वाला कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत है।

ग्रामीण जिलाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी और शहरी जिलाध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि भिवानी जिला संगठन पूरी एकजुटता और ऊर्जा के साथ चुनावी मैदान में उतरेगा। उन्होंने जिले की चारों विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल कर पार्टी को मजबूत बनाने का दावा किया। इस अवसर पर लोहारू विधायक राजबीर फरटिया, बवानीखेड़ा से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे प्रदीप नरवाल, पूर्व विधायक रामकिशन फौजी, पूर्व विधायक शिव शंकर भारद्वाज और पूर्व विधायक चौधरी सोमबीर सिंह मौजूद रहे।