हरियाणा कांग्रेस का 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' अभियान, बूथ स्तर पर सक्रियता
हरियाणा कांग्रेस ने SIR अभियान के तहत बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाई। प्रभारी संजय दत्त ने मतदाता सूची पुनरीक्षण पर सतर्कता और पारदर्शिता के दिए कड़े निर्देश।
चंडीगढ़: निर्वाचन आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं. पार्टी के नवनियुक्त प्रभारी संजय दत्त ने लगातार दूसरे दिन प्रदेश के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक कर अभियान की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए. उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पर सतर्क निगरानी रखने का आह्वान किया.
संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर जोर: बैठक के दौरान संजय दत्त ने जिला अध्यक्षों से कहा कि, "कांग्रेस हाईकमान के निर्देशों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पालन किया जाए. संगठन की मजबूती तभी संभव है, जब उसके अभियान बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचें और आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित हो." उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों से SIR अभियान के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने और प्रत्येक बूथ पर पार्टी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा.
"हर अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी": संजय दत्त ने आगे कहा कि, "कांग्रेस हाईकमान के निर्देशों का पूरी निष्ठा, एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ पालन करना प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता का दायित्व है. संगठन तभी मजबूत होता है, जब उसके अभियान प्रभावी रूप से बूथ स्तर तक पहुंचकर जन-जन से जुड़ते हैं. कांग्रेस द्वारा चलाए जाने वाले प्रत्येक अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाना संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है."
मतदाता सूची पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश: बैठक में SIR अभियान के तहत चल रही मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पर विशेष चर्चा हुई. संजय दत्त ने कहा कि, "नए मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं और विभिन्न कारणों से कुछ नाम हटाए भी जा रहे हैं. ऐसे में सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला अध्यक्षों, BLA-1, BLA-2 और अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है."
"किसी पात्र मतदाता का नाम न हटे": संजय दत्त ने कहा कि, "प्रत्येक बूथ पर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो तथा किसी भी पात्र एवं वैध मतदाता का नाम बिना उचित कारण के मतदाता सूची से न हटाया जाए. यह केवल संगठनात्मक दायित्व नहीं, बल्कि लोकतंत्र की पवित्रता और प्रत्येक नागरिक के संवैधानिक मताधिकार की रक्षा का महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व है."
हाईकमान के मार्गदर्शन में काम करने का आह्वान: उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि, "पार्टी को अपने प्रत्येक कार्यकर्ता की प्रतिबद्धता और मेहनत पर पूरा भरोसा है. सभी कार्यकर्ता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के मार्गदर्शन में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे. सभी का प्रयास होना चाहिए कि SIR की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरी हो."
कार्यक्रमों की रिपोर्ट समय पर भेजने के निर्देश: संजय दत्त ने आगे कहा कि, "हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के निर्देशानुसार जिला स्तर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम एकजुटता के साथ संपन्न किए जाएं. कि प्रत्येक कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट तय समय के भीतर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय और पार्टी के कनेक्ट सेंटर को भेजी जाए, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों का प्रभावी समन्वय और अनुश्रवण सुनिश्चित किया जा सके."
राव नरेंद्र सिंह ने भी की संगठनात्मक समीक्षा: बैठक के दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भी सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों से अलग-अलग मुलाकात की. उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने और SIR अभियान को पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए. साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया.

