HPPC Meeting Haryana News: गुरुग्राम से रोहतक तक विकास कार्यों को हरी झंडी, नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और स्टेडियम बनेगा
हरियाणा में बुनियादी ढांचे और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बैठक, कई बड़ी विकास परियोजनाओं को मंजूरी।
चंडीगढ़। हरियाणा में पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को और अधिक मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में चंडीगढ़ में हाई पावर्ड परचेज कमेटी और हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनस्वास्थ्य विभाग के 13 प्रमुख कार्यों समेत विभिन्न विभागों की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। लगभग 419.34 करोड़ रुपए के इन कार्यों को कम लागत यानी 399.85 करोड़ रुपए में पूरा किए जाने से सरकार के करीब 19.49 करोड़ रुपए की बचत होगी।
🚇 बिना खुदाई के सुधारी जाएंगी सीवर लाइनें: गुरुग्राम में बनेगा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और रोहतक-पंचकूला में विकास कार्यों को हरी झंडी
बैठक में सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आधुनिक 'CIPP तकनीक' के इस्तेमाल का निर्णय लिया गया है, जिससे सड़कों को बिना खोदे अंदर से ही पाइपलाइन की मरम्मत की जा सकेगी। रोहतक, शाहदरा, जगाधरी, हिसार, रतिया और धनौरी में सीवरेज और जलघर के सुदृढ़ीकरण के कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा गुरुग्राम के चंदू बुढेड़ा में 100 एमएलडी क्षमता का ऑटोमेटेड वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पंचकूला में नए भवनों व स्टॉर्म वाटर ड्रेन के निर्माण को मंजूरी मिली है। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और औद्योगिक ढांचे को बढ़ावा देने के लिए आईएमटी सोहना में कन्वेंशन सेंटर और कई जिलों में स्टेडियम व छात्रावास निर्माण के प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई गई है।