Haryana : हरियाणा में वेटनरी पॉलीक्लीनिक के डॉक्टरों का कमाल, सांप का किया ऑपरेशन, पढ़े पूरी खबर

 
Haryana

Haryana: हरियाणा में भिवानी जिले के पशुपालन विभाग के वेटनरी पॉलीक्लीनिक के डॉक्टरों की सराहना की जा रही हैं। यहां डॉक्टरों ने एक घायल सांप का ऑपरेशन कर उसे नई जिंदगी दी है। डॉक्टरों ने कई घंटे तक सांप का ऑपरेशन किया। जिसके बाद सांप पूरी तरह स्वस्थ हो गया है। इस उपलब्धि की सराहना उच्च अधिकारियों ने भी की है। 

बता दें कि वेटनरी पॉलिक्लीनिक के पशु चिकित्सक सुभाष ने सांप को एनीस्थिसिया दिया व डॉ. जोनी ने सांप का ऑपरेशन किया। डॉ. जोनी ने बताया कि सांप के एक जगह से कुछ हिस्सा कटा हुआ था और वहां से अंदर का भाग गला-सड़ा हुआ था। इस वजह से सांप बेहद दयनीय हालत में था। 

अगर इसका ऑपरेशन  नहीं किया जाता तो सांप की मृत्यु तक भी हो सकती थी, जिसके बाद घंटों की मेहनत के बाद ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। ऑपरेशन  बहुत चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने पूरी सावधानी से इसे अंजाम दिया और अब यह पूरी तरह स्वस्थ हो रहा है।

प्रतिदिन किए जा रहे 5 से 6 ऑपरेशन
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. रविंद्र सहरावत ने बताया कि उनके पालिक्लीनिक में प्रतिदिन 5 से 6 ऑपरेशन  किए जाते हैं। यहां सिजेरियन, रूमनोटोमी जैसे बड़े ऑपरेशन जो हिसार में होते थे, अब यहां किए जाते हैं। 

कुत्तों में टूटी हड्डी के लिए पिनिंग व प्लेट डालने जैसे आॅपरेशन भी किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि सर्दियों में कटड़ों व बछड़ों में पेशाब के बंधे के 50-60 ऑपरेशन किए गए थे।