ECI Updates 2026: मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने दी जानकारी, सात राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के कार्यक्रम में संशोधन
चंडीगढ़। हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख एक बार फिर बदल दी गई है। अब प्रदेश में अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर की जगह 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित होगी। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के साथ उनके निपटारे की समय-सीमा भी बढ़ा दी है। अब 15 दिसंबर तक दावे और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा।
🌍 आयोग ने सात राज्यों के कार्यक्रम में किया संशोधन
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि, "भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा सहित सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन किया है। निर्वाचन आयोग की ओर से 17 नवंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार हरियाणा में नोटिस, दावे और आपत्तियों के निपटारे की अवधि तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन का कार्यक्रम संशोधित किया गया है।"
📝 15 दिसंबर तक होगा दावे और आपत्तियों का निपटारा
इसके साथ ही संशोधित कार्यक्रम के अनुसार नोटिस जारी करने, दावे और आपत्तियों के निपटारे की अवधि 31 जुलाई 2026 से बढ़ाकर 15 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके बाद 22 दिसंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इससे मतदाताओं को अपनी जानकारी दुरुस्त कराने और सूची में नाम शामिल करवाने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
📋 30 नवंबर तक बांटे और जमा किए जाएंगे गणना प्रपत्र
वहीं, अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं से संबंधित गणना प्रपत्रों की प्रक्रिया के लिए भी समय-सीमा तय की गई है। इन प्रपत्रों को तैयार करने और मुद्रित करने का काम 18 नवंबर तक पूरा किया जाएगा। वहीं, 18 से 30 नवंबर 2026 तक प्रपत्रों का वितरण और संग्रह किया जाएगा। इन प्रपत्रों के निस्तारण की अंतिम तारीख 10 दिसंबर निर्धारित की गई है।
📊 हरियाणा में लाखों मतदाता अलग-अलग श्रेणियों में चिह्नित
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि, "प्रदेश में 9,36,228 अनुपस्थित, 13,74,759 स्थानांतरित, 7,66,003 मृत और 2,04,832 डुप्लीकेट मतदाता चिह्नित किए गए हैं। डुप्लीकेट श्रेणी में चिह्नित पात्र मतदाता निर्धारित समय में अपना गणना प्रपत्र संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को भरकर दें, ताकि 22 दिसंबर को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची में उनका नाम शामिल हो सके।"
👮 अधिकारियों को दिए गए जरूरी निर्देश
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन का जोर निर्धारित समय में गणना प्रपत्रों की प्रक्रिया और दावे-आपत्तियों का निपटारा पूरा करने पर रहेगा।