हरियाणा में बाढ़ का अलर्ट: CM सैनी ने दिए 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश
हरियाणा में बारिश और बाढ़ के खतरे को देखते हुए CM नायब सैनी ने जारी की गाइडलाइंस। सभी जिलों में 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय, हेल्पलाइन नंबर जारी करने के आदेश।
चंडीगढ़: पहाड़ी क्षेत्रों और हरियाणा के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश के बीच संभावित बाढ़ और जलभराव के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी जिलों के उपायुक्तों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
न्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक जिला नागरिकों की सुविधा के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी करे ताकि जलभराव, बाढ़ और अन्य आपात स्थितियों से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उधर, सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने भी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ नियंत्रण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां उनकी पूर्व अनुमति के बिना स्वीकृत नहीं की जाएंगी। बाढ़ नियंत्रण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को जल निकासी व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की पहले से पहचान कर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के तुरंत बाद प्रभावित क्षेत्रों से पानी की शीघ्र निकासी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने सिंचाई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, शहरी स्थानीय निकाय, राजस्व, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में बाढ़ नियंत्रण एवं जल निकासी से जुड़े कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए मशीनरी, नाव, जनरेटर और अन्य आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए सतर्क रहने और दवा भंडारण के लिए कहा।

