Haryana High Powered Purchase Committee: सीएम नायब सैनी ने छात्रों के लिए 5 लाख डेटा सिम खरीदने को दी मंजूरी
हरियाणा : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रही है, ताकि वे वर्तमान समय की जरूरतों के अनुरूप कौशल हासिल कर सकें। सरकार ने छात्रों के लिए पांच लाख डेटा सिम खरीदने को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री सोमवार को उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कक्षा 10 से 12 तक के छात्रों को पांच लाख टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे। इन टैबलेट के लिए डेटा सिम कार्ड खरीदे जाएंगे। इसके अलावा हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के लिए विभिन्न क्षमता की 220 वोल्ट ट्यूबलर टाइप लेड-एसिड बैटरियों की खरीद को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में एचएएफईडी द्वारा संचालित असंध चीनी मिल के संचालन को एक वर्ष के लिए 11.90 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी गई। इसमें वार्षिक ओवरहालिंग, मरम्मत, रखरखाव और सामग्री शामिल है। नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 59 उन्नत जीवन रक्षक एंबुलेंस को भी मंजूरी दी गई। इनमें 33 एंबुलेंस दक्षिणी क्षेत्र और 26 उत्तरी क्षेत्र के लिए होंगी। उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति की बैठक में 90 करोड़ रुपये से अधिक की सेवा संबंधी परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।