हरियाणा का कमाल: SGST संग्रह में देश में अव्वल, दर्ज की 21.5% की रिकॉर्ड वृद्धि
वित्तीय वर्ष 2025-26 में हरियाणा बना नंबर 1! SGST संग्रह में 21.5% की भारी वृद्धि के साथ राष्ट्रीय औसत को पछाड़ा। जानें कैसे हरियाणा बना देश का 5वां सबसे बड़ा GST संग्रहकर्ता।
चंडीगढ़ : हरियाणा राज्य ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सभी राज्यों में एस.जी.एस.टी. संग्रह में सर्वाधिक वृद्धि दर्ज की है। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड द्वारा बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा ने वित्तीया वर्ष 2025-26 में पोस्ट-सैटलमेंट एस. जी.एस.टी. संग्रह 48,289 करोड़ रुपए दर्ज किया, जो कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के की तुलना में 21.5 प्रतिशत की वृद्धि है। यह वृद्धि राष्ट्रीय औसत 5.7 प्रतिशत से काफी अधिक है, जो कर संग्रह में हरियाणा के मजबूत प्रदर्शन को दर्शाती है।
प्रवक्ता ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में हरियाणा का कुल जी.एस.टी. संग्रह 8.6 प्रतिशत बढ़ा, जो कि राष्ट्रीय घरेलू जी.एस.टी. वृद्धि दर 6.4 प्रतिशत से अधिक है। इस प्रदर्शन के साथ, हरियाणा सकल घरेलू जी.एस.टी. संग्रह के मामले में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 5वें स्थान पर रहा है। प्रवक्ता ने बताया कि जी.एस.टी. संग्रह में हुई इस मजबूत वृद्धि का कारण राज्य में सक्रिय आर्थिक गतिविधियां, करदाताओं के आधार का विस्तार तथा डेटा-आधारित विश्लेषण के माध्यम से बेहतर अनुपालन है। राज्या सरकार द्वारा कर प्रशासन को सुदृढ़ बनाने और तकनीक के प्रभावी उपयोग पर निरंतर फोकस ने भी इस उत्कृष्ट प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई है।

