हरियाणा में गरीबों को मिलेंगे 10649 फ्लैट-प्लॉट; CM का सख्त एक्शन प्लान

हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: आवास योजनाओं के तहत तैयार 10,649 प्लॉट व फ्लैट जल्द पात्रों को मिलेंगे। अपात्रों को लाभ देने वाले अफसरों पर होगी सख्त कार्रवाई।

 
ईडब्ल्यूएस फ्लैट आवंटन

 हरियाणा सरकार ने वीरवार को हाउसिंग फॉर ऑल विभाग को निर्देश दिए कि वे शेष बचे सभी पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें आवास उपलब्ध करवाने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। चेतावनी दी है कि किसी अपात्र व्यक्ति या परिवार को योजना का लाभदिया जाता है तो संबंधित अधिकारी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जानकारी दी गई कि पात्रों को आवास उपलब्ध कराने के लिए 10649 प्लाट व फ्लैट तैयार हैं। इस पर सीएम ने जल्द ही इन्हें पात्रों को सौंपने के निर्देश दिए हैं।

सीएम ने यह निर्देश वीरवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में हरियाणा विजन-2047 के तहत हाउसिंग फॉर ऑल विभाग के अगले 5 साल के रोडमैप व कार्ययोजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। विभाग के महानिदेशक जे गणेशन ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 तथा लाइसेंसी कालोनियों में ईडब्ल्यूएस आवासों के वितरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

बताया कि विभाग की ओर से आगामी समय में बचे हुए पात्र परिवारों को आवास सुविधाएं उपलब्ध करवाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। अब तक 5 योजनाओं के तहत प्रदेश में 2,31,215 परिवारों को आवास उपलब्ध करवाने के लिए लगभग 2375 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।