Haryana News: जेलों में कैदियों की आत्महत्या पर मानवाधिकार आयोग सख्त; सरकार से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

Haryana Prison Statistics: हरियाणा की जेलों में 15 अप्राकृतिक मौतों पर मानवाधिकार आयोग ने जताई चिंता। गृह और स्वास्थ्य विभाग से कैदियों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा पर मांगी रिपोर्ट।

 
Haryana Home Department Jail Investigation

चंडीगढ़: हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरवी) की प्रिजन स्टैटिस्टिक्स इंडिया 2024 की रिपोर्ट में सामने आए आंकड़ों पर चिंता जताई है। आयोग ने कहा कि यह आंकड़े जेलों में बंद कैदियों के मानवाधिकारों से जुड़े सवाल खड़े करते हैं।

आयोग के अनुसार 2024 में प्रदेश की जेलों में 15 अप्राकृतिक मौतें दर्ज हुईं और सभी मामलों में कारण आत्महत्या बताया गया। इसके अलावा जेलों में हिंसा, तनाव, नशे की समस्या और मानसिक दबाव जैसी स्थितियां भी सामने आई हैं। आयोग ने साफ कहा कि जेल में बंद व्यक्ति भी संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत सम्मानपूर्वक जीवन और स्वास्थ्य सेवाओं के हकदार हैं।

आयोग ने गृह विभाग, स्वास्थ्य विभाग व जेल प्रशासन से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इसमें जेलों की स्थिति, आत्महत्याओं के मामले, भीड़भाड़, मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं, डॉक्टरों व काउंसलरों की उपलब्धता व सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी देने को कहा गया है।