हरियाणा में मानसून अलर्ट: 14 जिलों में भारी बारिश, तापमान में भारी गिरावट

हरियाणा में लगातार तीसरे दिन मानसून सक्रिय। 14 जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी। गुरुग्राम, करनाल में भारी बारिश से तापमान में 5.2 डिग्री तक की गिरावट।

 
मानसून गतिविधियां हरियाणा

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. लगातार तीसरे दिन प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा. भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को 14 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई स्थानों पर सुबह से ही बूंदाबांदी और तेज बारिश देखने को मिली, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली. लगातार बारिश के कारण प्रदेश का मौसम पूरी तरह बदल गया है.

ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी: मौसम विभाग ने करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 120 मिमी या उससे अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ (नारनौल), पलवल, नूंह, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में येलो अलर्ट जारी किया गया है. दूसरी ओर हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद और कैथल सहित कुछ पश्चिमी जिलों में फिलहाल भारी बारिश की संभावना कम बताई गई है.

गुरुग्राम में सबसे अधिक बारिश: बीते 24 घंटों में गुरुग्राम प्रदेश का सबसे अधिक भीगा जिला रहा, जहां 83 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके बाद करनाल में 79.5 मिमी, पलवल में 42 मिमी, हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र में 36 मिमी और नूंह में 25.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई. अंबाला, कैथल, रोहतक और महेंद्रगढ़ में भी अच्छी बारिश हुई. लगातार हो रही वर्षा से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली.

तापमान में बड़ी गिरावट: लगातार बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया. प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और करनाल का 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं राज्य में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 36.2 डिग्री दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान में भी औसतन 2.2 डिग्री की गिरावट आई, जबकि नारनौल में सबसे कम 23.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

आज और कल भी बारिश के आसार: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 10 और 11 जुलाई तक हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी. उत्तर हरियाणा के अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश की संभावना है, जबकि दक्षिण हरियाणा में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है. 11 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने के संकेत हैं. पश्चिमी जिलों सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना जताई गई है.