Haryana NCB Action: तस्करों की अवैध संपत्तियों पर चला बुलडोजर, दिसंबर तक 30 करोड़ संपत्ति अटैच करने का रखा गया लक्ष्य

हरियाणा में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई जारी है। साल 2026 के शुरुआती नौ महीनों में 6824 तस्कर गिरफ्तार और 19.52 करोड़ की संपत्ति अटैच की गई है।
 
Sanjay Kumar NCB Haryana

चंडीगढ़। हरियाणा में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन ने बड़ी सफलता हासिल की है। जनवरी से सितंबर 2026 के बीच एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 6,824 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान नशा तस्करों की 19.52 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की गई है, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले करीब 230 प्रतिशत अधिक है। राज्य सरकार ने दिसंबर 2026 तक कुल 30 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच करने का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है।

📊 एनसीओआरडी की बैठक में हुआ खुलासा: हेरोइन और अफीम की जब्ती में भी आई भारी बढ़ोतरी

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र (NCORD) की 14वीं बैठक में यह आंकड़े सामने आए। राज्य नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के एडीजीपी संजय कुमार ने बताया कि इस वर्ष एफआईआर की संख्या 2,722 से बढ़कर 3,809 हो गई है। साथ ही हेरोइन की जब्ती 43 किलो से बढ़कर 84.69 किलोग्राम और अफीम की जब्ती 235 किलो से बढ़कर 430.30 किलोग्राम पहुंच गई है। इसके अलावा 12 बड़े तस्करी गिरोहों का सफाया करने की कार्रवाई जारी है और 29 भगौड़ों की पहचान कर उनके खिलाफ नोटिस जारी किए गए हैं।