Panchkula News Today: ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 'स्प्रिंट 2.0' ट्रेनिंग कैंप शुरू, कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट मनोज कुमार भी पहुंचे

पंचकूला में हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग और साई (SAI) द्वारा 'स्प्रिंट 2.0' प्रशिक्षण शिविर शुरू। प्रदेश के 2,300 स्कूली छात्रों को मिलेगी स्पोर्ट्स कोचिंग।

 
बॉक्सर मनोज कुमार

पंचकूला: हरियाणा में खेल क्षेत्र को ओर मजबूत कर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक श्रृंखला बढ़ाने के मकसद से स्कूल स्तर से ही खिलाड़ियों के हुनर को पहचानने की शुरूआत कर दी गई है. हरियाणा में पहली बार समग्र शिक्षा, हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना के तहत स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) स्प्रिंट 2.0 प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की गई है. पंचकूला के सेक्टर 3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में आयोजित इस चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के लिए प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों से चयनित कुल 2300 बच्चों का चयन किया गया है.

पहले चरण में 85 स्कूली छात्रों का प्रशिक्षण: हरियाणा में पहली बार स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर के संबंध में ईटीवी भारत ने जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह रंगा से बातचीत की. उन्होंने बताया कि "8 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों से चयनित करीब 2300 विद्यार्थियों को विभिन्न खेल विधाओं में आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा. पहले चरण में कुल 85 विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त करने स्टेडियम पहुंचे हैं, जो बॉक्सिंग के दांव-पेंच सीखने के साथ-साथ अत्याधुनिक उपकरण की जानकारी हासिल कर रहे हैं. इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी वातावरण का अनुभव (एक्सपोजर) मिलेगा. जिला खेल अधिकारी ने कहा कि इस चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कुल 30 खेलों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा. इस बार वुशू समेत तीन नए खेलों को शामिल किया गया है."

केंद्र सरकार की परियोजना पंचकूला से शुरू: स्प्रिंट 2.0 की शुरुआत जिला पंचकूला से की गई है. इस परियोजना को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के ऊर्जावान खिलाड़ियों के सुझाव लेकर तैयार किया गया है. केंद्र सरकार की इस परियोजना को हरियाणा शिक्षा विभाग ने लागू किया है. स्प्रिंट 2.0 से खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देते हुए एक मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद जताई गई है. गौरतलब है कि राष्ट्रमंडल खेलों में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित किया है.

आयोजन के लिए 3.75 करोड़ रुपये: हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग ने स्प्रिंट योजना का प्रस्ताव भारत सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया था, जिसे स्वीकृति प्रदान करते हुए केंद्र सरकार ने इसके क्रियान्वयन के लिए हरियाणा सरकार को लगभग 3.75 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं. इस योजना के तहत प्रदेश के करीब 2300 विद्यार्थियों को विभिन्न खेल विधाओं में आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा. गौरतलब है कि यह प्रशिक्षण स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई), हरियाणा के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है.

स्वर्ण पदक विजेता बॉक्सर मनोज पहुंचे: संयुक्त राज्य परियोजना निदेशक डॉक्टर मयंक वर्मा ने बताया कि "स्प्रिंट 2026-27 कार्यक्रम का उद्देश्य गहन प्रशिक्षण एवं संतुलित पोषण से खिलाड़ियों की खेल तैयारी, क्षमता और सहनशीलता का विकास करना है. इस योजना का मुख्य उद्देश्य हरियाणा के सरकारी स्कूलों के प्रतिभाशाली एवं कम आयु के छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण शिविर उपलब्ध कराना है. कार्यक्रम में विशेष रूप से राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता बॉक्सर मनोज कुमार ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई."