हरियाणा पटवारी परीक्षा परिणाम घोषित: 2096 अभ्यर्थी सफल, जानें नियुक्ति अपडेट

हरियाणा के 2096 नवचयनित पटवारी विभागीय परीक्षा में सफल। भू-अभिलेख निदेशालय ने जारी किया रिजल्ट। 2700 खाली पदों पर जल्द होगी तैनाती। असफल 426 को मिलेगा एक और मौका।

 
पटवारी परीक्षा पासिंग लिस्ट

हरियाणा : हरियाणा में नवचयनित पटवारियों की विभागीय परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। कुल 2522 अभ्यर्थियों में से 2096 पटवारी परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं, जबकि 426 अभ्यर्थी असफल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी इस बार परीक्षा में असफल हुए हैं, उन्हें जल्द ही फिर परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। सफल अभ्यर्थी अब नियुक्ति के पात्र हो गए हैं और उन्हें आगामी प्रक्रिया के तहत तैनाती दी जाएगी। 

प्रदेश में वर्तमान में करीब 2700 पटवार सर्कल खाली पड़े हैं, जिन्हें भरने की योजना बनाई जा रही है। खाली पदों को भरने से राजस्व कार्यों में तेजी आएगी और आम लोगों को सेवाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।हरियाणा भू-अभिलेख निदेशालय के निदेशक डॉ. यशपाल ने बताया कि विभागीय परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। परीक्षा में असफल रहे अभ्यर्थियों को पुनः परीक्षा का मौका दिया जाएगा, जबकि सफल उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाई जाएगी।