हरियाणा राशन डिपो आवंटन: महिलाओं को 33% आरक्षण, अब सरल पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन
हरियाणा में राशन डिपो की आवेदन प्रक्रिया हुई ऑनलाइन! महिलाओं को मिलेगा 33% कोटा। एसिड अटैक पीड़ितों और विधवाओं को प्राथमिकता। जानें 60 वर्ष के बाद की नई पॉलिसी।
चंडीगढ़: प्रदेश में अब राशन डिपो के लिए आवेदन प्रक्रिया सरल पोर्टल के माध्यम से पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। साथ ही नए राशन डिपो का 33 फीसदी कोटा महिलाओं के लिए तय किया गया है। अच्छा आचरण होने पर 60 वर्ष के बाद भी डिपो धारकों की अवधि 5 साल और बढ़ाने का प्रावधान किया गया है।
प्रदेश सरकार ने नए नियमों की अधिसूचना जारी कर दी है। नए नियमों के तहत डिपो धारक की मृत्यु होने पर उसके परिवार के एक सदस्य को सहानुभूति के आधार पर लाइसेंस दिया जा सकेगा। कोटे के आधार पर हर तीसरी दुकान महिलाओं के लिए आरक्षित होगी। एसिड अटैक पीड़ित, स्वयं सहायता समूह, विधवा, तलाकशुदा, अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि किसी क्षेत्र में महिलाओं के आवेदन नहीं आते हैं तो उन्हें आवेदन के लिए दो मौके और दिए जाएंगे।

