Haryana Maternal and Child Health News: हरियाणा में हर गर्भवती महिला का होगा अनिवार्य पंजीकरण, हेल्पलाइन और कमांड सेंटर से जुड़ेगी व्यवस्था

हरियाणा सरकार गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की निगरानी और मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए 'समृद्धि' पोर्टल और विशेष हेल्पलाइन शुरू कर रही है।
 
maternal mortality rate reduction

हरियाणा : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं नवजात मृत्यु दर को कम करने और गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए एक व्यवस्था लागू कर रही है। यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार सरकार का लक्ष्य राज्य की प्रत्येक गर्भवती महिला का 'समृद्धि' पोर्टल पर पंजीकरण करना और गर्भावस्था, प्रसव तथा प्रसव के बाद की अवधि के दौरान उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी करना है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित उपायों की मदद से 'समृद्धि' पोर्टल, राज्य स्तरीय कमांड सेंटर और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य हेल्पलाइन को एक साथ जोड़ा जायेगा। सैनी ने कहा कि हर गर्भवती महिला का अनिवार्य पंजीकरण कर उसे विशेष 'समृद्धि' आईडी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे उसकी गर्भावस्था से जुड़ी सभी स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां एक ही स्थान पर सुरक्षित रहेंगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में इलाज कराने वाली महिलाओं के लिए भी लागू होगी। सैनी ने कहा कि राज्य स्तर पर 'मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कॉल सेंटर' स्थापित किया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि इस केंद्र में प्रशिक्षित नर्स गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी सलाह देंगी, जोखिमों की पहचान करेंगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें उचित स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में सहायता करेंगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर भी समर्पित नर्सिंग स्टाफ के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को मजबूत किया जायेगा। सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आंकड़े जुटाना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि हर गर्भवती महिला को सही समय पर उचित देखभाल मिले।