सिरसा: राजस्थान की नहर में डूबे बणी गांव के दो किशोर; दोनों थे इकलौती संतान
सिरसा : हरियाणा सिरसा जिले के रानिया क्षेत्र के बणी गांव के दो किशोरों के शव राजस्थान क्षेत्र में राजकनाल नहर पुल के पास से बरामद हुए हैं। दोनों किशोर नहर में डूब गए थे, जिनकी तलाश के लिए पिछले दो दिनों से सर्च अभियान चलाया जा रहा था। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय मोहित और 14 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है। शनिवार सुबह राजस्थान पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर टिब्बी अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमाटर्म करवाया। इसके बाद परिजन शवों को लेकर अपने गांव पहुंचे, जहां शोक की लहर फैल गई।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों किशोर गांव के अन्य लड़कों के साथ गए थे। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि मोहित और मनीष नहर में नहाने के लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों नहर पुल से कुछ दूरी पर नहा रहे थे, जिसके कारण सड़क से गुजरने वाले ग्रामीणों की नजर उन पर नहीं पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि वे दिखाई कदे जाते तो उन्हें समय रहते घर भेजा जा सकता था। गांव न वालों ने बताया कि मोहित और मनीष दोनों ही अपने-अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे।
उनकी असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि दोनों किशोरों के शव शुक्रवार रात को बरामद हुए थे। राजस्थान पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार दो दिनों तक नहर में सर्च अभियान चलाती रही, जिसके बाद दोनों शवों को खोज निकाला गया। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

