हरियाणा: प्रशिक्षु पटवारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी, सेवाकाल में प्रशिक्षण अवधि जोड़ने की मांग
तोशाम में प्रशिक्षु पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। 15 फरवरी तक प्रशिक्षण अवधि को सेवाकाल में शामिल करने की अधिसूचना जारी न होने पर पंचकूला मुख्यालय घेराव की चेतावनी दी है।
तोशाम। प्रशिक्षण अवधि को सेवाकाल में शामिल किए जाने की मांग को लेकर प्रशिक्षु पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 15 फरवरी तक सरकार की ओर से अधिसूचना जारी नहीं की गई तो सभी प्रशिक्षु पटवारी 16 को डीएलआर हेड ऑफिस पंचकूला पहुंचकर अपनी मांग रखेंगे।
सोमबीर पटवारी, कपिल, राकेश, अजीत, अनुज और अशोक सहित अन्य प्रशिक्षु पटवारियों ने बताया कि उनकी नियुक्ति हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा के आधार पर 21 अक्तूबर 2024 को की गई थी। इसके बाद एक जनवरी 2025 से उनका प्रशिक्षण पटवार प्रशिक्षण विद्यालय में शुरू हुआ।
उन्होंने बताया कि सात जनवरी 2025 को पंचकूला में आयोजित नव-नियुक्त पटवारी सम्मेलन में मुख्यमंत्री द्वारा घोषणा की गई थी कि नवनियुक्त पटवारियों की प्रशिक्षण अवधि को डेढ़ वर्ष से घटाकर एक वर्ष कर दिया गया है और इस प्रशिक्षण अवधि को सेवाकाल के रूप में मान्यता दी जाएगी। पटवारियों का कहना है कि उक्त घोषणा को एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है।
साथ ही एक वर्ष की अवधि पूरी होने के बाद भी विभिन्न प्रकार की ड्यूटियां लगाकर प्रशिक्षण अवधि को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे प्रशासनिक अस्पष्टता की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि वेतन न मिलने के कारण सभी प्रशिक्षु पटवारी गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। इस संबंध में शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए उन्होंने सरकार से घोषणा के अनुरूप अधिसूचना जारी करने की अपील की है।

