भिवानी: महिला आयोग उपाध्यक्ष ने स्कूलों का किया निरीक्षण, दी सुरक्षा सीख

महिला आयोग उपाध्यक्ष मीना परमार ने भिवानी के स्कूलों का दौरा किया। छात्राओं को 'गुड टच-बैड टच' और निडर रहने का पाठ पढ़ाया। जानें पूरी खबर।

 
हरियाणा कन्या विद्यालय अपडेट

भिवानी। हरियाणा राज्य महिला आयोग की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं के हितों पर कभी भी आंच नहीं आने दी जाएगी। शनिवार को उन्होंने गांव कलिंगा और खरक कलां स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का दौरा कर छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा उनसे संवाद कर उनकी समस्याएं जानी।

निरीक्षण के दौरान मीना परमार ने छात्राओं के लिए बने शौचालयों और पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे कड़ी मेहनत करें, अपना लक्ष्य निर्धारित करें और जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में घबराने या चिंता करने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि हरियाणा राज्य महिला आयोग हमेशा उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि यदि उनके साथ किसी भी स्तर पर कोई गलत घटना होती है तो उसका डटकर विरोध करें। उन्होंने कहा कि छात्राओं को गुड टच और बैड टच की जानकारी अवश्य होनी चाहिए। किसी भी गलत कार्य का विरोध करने में हिचकिचाहट या शर्म महसूस नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि गलत के प्रति चुप रहना भी एक प्रकार का अपराध है इसलिए छात्राएं हमेशा निडर रहें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। मीना परमार ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि छात्राओं की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।