हिसार एयरपोर्ट हादसा: चार्टर्ड प्लेन गलत रनवे पर उतरा, बड़ा हादसा टला
हिसार एयरपोर्ट पर चार्टर्ड प्लेन लैंडिंग के दौरान गलत रनवे पर उतरा। प्लेन में पूर्व सांसद सुभाष चंद्रा का परिवार सवार था। सभी यात्री सुरक्षित। जानें पूरी खबर।
हिसार : हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट पर चार्टर्ड प्लेन लैंडिंग के वक्त गलत रनवे पर उतरा और कैट आई रिफ्लेक्टर से टकरा गया. चार्टर्ड प्लेन में पूर्व राज्यसभा सांसद सुभाष चंद्रा की फैमिली सवार थी. सुभाष चंद्रा के पिता नंदकिशोर गोयनका के पार्थिव शरीर को मुंबई से हिसार लाते हुए ये हादसा हुआ.
गलत रनवे पर लैंड कराया चार्टर्ड प्लेन : दरअसल चार्टर्ड प्लेन के पायलट ने गलती से विमान को एयरपोर्ट के चालू रनवे के बजाय बंद पड़े पुराने रनवे पर लैंड करा दिया था. जैसे ही विमान ने गलत और बंद पड़े पुराने रनवे पर लैंडिंग की, वहां जमीन पर लगी 'कैट आई' (रास्ते को चमकाने वाली लाइटों) से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक लाइट प्लेन के विंग को चीरती हुई उसके अंदर तक घुस गई. इस हादसे में विमान के विंग को काफी नुकसान पहुंचा है. हालांकि अच्छी बात ये रही कि हादसे में पायलट समेत विमान में सवार सभी 8 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं.
सुभाष चंद्रा की फैमिली सवार थी : हिसार एयरपोर्ट पर जो प्लेन हादसे का शिकार हुआ उसमें डॉ. सुभाष चंद्रा की पत्नी सुशीला सहित परिवार के छह सदस्य सवार थे और डॉ. सुभाष चंद्रा खुद हिसार एयरपोर्ट पर उन्हें रिसीव करने के लिए पहुंचे थे. सुभाष चंद्रा के पिता नंदकिशोर गोयनका का सोमवार को मुंबई में निधन हो गया था. वे 96 वर्ष के थे और पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे. उनके पार्थिव शरीर को मुंबई से हिसार लाते वक्त ये हादसा हुआ.

