Hisar News Today: बिजली विभाग की लापरवाही से गई बेकसूर मवेशियों की जान, स्थानीय लोगों ने की सख्त जांच की मांग

हिसार के भामाशाह नगर में बारिश के बाद गली में जमा पानी में करंट आने से दो गाय और एक कुत्ते की मौत। बिजली विभाग के खिलाफ लोगों में भारी रोष।
 
Haryana electricity department negligence

हिसार : हरियाणा के हिसार शहर से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। हिसार के भामाशाह नगर में बारिश के बाद गली में जमा पानी में अचानक करंट आ जाने से एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें दो गायों और एक कुत्ते की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। इस घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों और गौसेवकों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी गुस्सा और रोष देखने को मिल रहा है।

क्या है पूरा मामला?
गो सेवा हेल्पिंग समिति के प्रधान व गौसेवक सीताराम सिंगल ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सुबह करीब सवा सात बजे सूचना मिली थी कि भामाशाह नगर की एक गली में जलभराव के दौरान करंट लगने से दो गाय और एक कुत्ते की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुँचे और पुलिस तथा बिजली विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

गौसेवकों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात में हुई बारिश के कारण गली में पानी भर गया था, और उसी दौरान पास के बिजली के पोल में करंट उतर आया। सीताराम सिंगल ने बताया कि करंट की सूचना देने के लिए बिजली विभाग को लगातार कई फोन किए गए, लेकिन काफी देर तक बिजली काटने के लिए कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुँचा। उनके मुताबिक, करीब पौने घंटे के लंबे इंतजार के बाद बिजली की सप्लाई बंद की गई। मौके पर पहुँचे बजरंग दल के रणबीर व अन्य स्थानीय लोगों ने भी बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें दी जा चुकी हैं। लोगों ने आशंका जताई कि अगर समय रहते बिजली बंद न की जाती और इस पानी की चपेट में कोई इंसान (बच्चा या बुजुर्ग) आ जाता, तो स्थिति और भी ज्यादा भयानक हो सकती थी।

फिलहाल, इस दुखद हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष है और लोगों ने बिजली विभाग से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने की सख्त मांग की है।