Hisar Crime News Update: जीवन हत्याकांड के 9 दिन बाद भी नहीं हुआ अंतिम संस्कार, टिकैत पहुंचे हिसार; पुलिस ने घोषित किया ₹50 हजार का इनाम
हिसार: हिसार में डेयरी संचालक जीवन की हत्या के नौ दिन बाद भी मुख्य हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने पर किसान नेता राकेश टिकैत ने सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए. चार अगस्त को हुई हत्या के बाद से पीड़ित परिवार और समर्थक आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं. नौ दिन बीत जाने के बावजूद शव का अंतिम संस्कार नहीं होने की बात भी सामने आई है.
लघु सचिवालय पहुंचे राकेश टिकैत: किसान नेता राकेश टिकैत बुधवार को हिसार के लघु सचिवालय पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपना समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि, "मामले में जल्द कार्रवाई होनी चाहिए और सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए. गिरफ्तारी नहीं होना प्रशासन की कमी दिखाई देती है. जीवन हत्याकांड के दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए."
सरकार को यूपी मॉडल अपनाने की दी नसीहत: राकेश टिकैत ने हरियाणा सरकार की कानून-व्यवस्था पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, "सरकार को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. हरियाणा सरकार को यूपी की योगी सरकार की तरह अपराधियों का इलाज करना चाहिए. हम इस मामले में हरियाणा के डीजीपी को भी पत्र लिखकर जल्द गिरफ्तारी की मांग करेंगे."
मोदी पर भी साधा निशाना: पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी राजनीतिक टिप्पणी की. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका से डरते हैं. टिकैत ने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में एक मंत्री का इस्तीफा दिलाया गया. उन्होंने युवाओं, छात्रों, किसानों और सामाजिक संगठनों से ऐसे मामलों में एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया.
पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का ऐलान: राकेश टिकैत ने कहा कि, "धरने पर बैठी महापंचायत जो भी फैसला लेगी, वह उसके साथ खड़े रहेंगे." उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की मांग की. टिकैत के हिसार पहुंचने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है और अब पुलिस पर मुख्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है.
दस पुलिस टीमों का गठन, 50 हजार का इनाम: पुलिस ने मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दस टीमों का गठन किया है. इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ जैन ने बताया कि, "पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं. इस मामले में पुलिस अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं."
महापंचायत में जुटेगा हर वर्ग: किसान नेता सुरेश कोथ ने कहा कि, "हत्या को नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं.पीड़ित परिवार के समर्थन में हिसार में महापंचायत का फैसला लिया गया है, जिसमें हर वर्ग के लोगों को शामिल होने का आह्वान किया गया है."
पूर्व मंत्री ने भी पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल: पूर्व मंत्री छतर पाल ने कहा कि, "पुलिस ने टीमें गठित की हैं, लेकिन अभी तक मुख्य हत्या आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है. पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं, लेकिन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है."

