Hisar Kanwar Yatra Incident: हरिद्वार से कांवड़ लाकर शिव मंदिर में जलाभिषेक कर रहा था मुकुंदी, बिजली की लाइन से लगा करंट

हिसार में शिव मंदिर की छत पर करंट लगने से 32 वर्षीय कांवड़िए मुकुंदी की मौत। 8वीं बार हरिद्वार से लाए थे कांवड़।
 
हरियाणा कांवड़ यात्रा हादसा

हिसार : एच.टी.एम. थाना व एयरपोर्ट चौक के बीच स्थित वन विभाग की आवासीय कॉलोनी के शिव मंदिर के शिवालय पर मंगलवार को सुबह करीब 5.30 बजे कांवड़ चढ़ाकर उतरते समय करंट लगने से शिवनगर निवासी कांवडिये मुकुंदी (32) की मौत हो गई। वह सोमवार शाम को तीन दोस्तों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लाया था। एच.टी.एम. थाना पुलिस ने इस संबंध में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।

वन विभाग के सेवानिवृत्त चालक शिवनगर निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि मेरा छोटा बेटा मुकुंदी शहर के एक निजी अस्पताल में अकाउंट का काम करता था। उसकी सात साल की बेटी और पांच साल का बेटा है। वह 1 अगस्त को तीन दोस्तों मनोज, कपिल और अजीत के साथ झूला कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गया था।

वे सोमवार शाम को वन विभाग की आवासीय कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में पहुंचे। रात को मंदिर में ही ठहरे। सभी का परिवार वहीं मौजूद था। सुबह जल चढ़ाने के बाद वह और उसका दोस्त मनोज शिवालय पर कांवड़ चढ़ाने के लिए छत पर गए। वे कांवड़ चढ़ाने के बाद छत पर वापस आए। इसी दौरान लोहे की ग्रिल के पास से गुजर रही बिजली की लाइन पर मुकुंदी का पांव पड़ गया। जिस कारण उसको करंट लगा और वह स्टोर की छत पर गिर गया। हम उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में लेकर गए। वहां पर उसकी मौत हो गई। वह आठवीं बार कांवड़ लाया था। एच.टी.एम. थाना पुलिस ने इस संबंध में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।