हिसार: खरड़ गांव के खेतों में मिला अज्ञात महिला का शव, हत्या की आशंका
हिसार : हिसार जिले के गांव खरड़ के खेतों में रामायण रोड के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने सुबह खेतों की ओर जाते समय शव को देखा और इसकी सूचना तुरंत डायल-112 पर दी। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम, पुलिस तथा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मौके पर पहुंचे एएसपी मयंक मुदगिल, डीएसपी कमलजीत तथा एसएचओ सदर हिसार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
महिला की हत्या कर शव फेंके जाने की जताई जा रही आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक महिला की उम्र लगभग 40 से 42 वर्ष के बीच बताई जा रही है। अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला स्थानीय क्षेत्र की है या किसी अन्य स्थान की निवासी थी। शव की स्थिति को देखते हुए हत्या कर शव को यहां फेंके जाने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच के दौरान महिला के हाथ पर दो नाम लिखे हुए मिले हैं। पुलिस इन नामों के आधार पर भी पहचान और मामले की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
महिला के गले में चुन्नी बंधी हुई मिली
फिलहाल महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस को मौके पर महिला के गले में चुन्नी बंधी हुई मिली। परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई हो और बाद में शव को यहां लाकर फेंक दिया गया हो। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

