हिसार: लिफ्ट में फंसा हलवाई, गर्दन कटने से दर्दनाक मौत; CCTV में कैद
हिसार के सिटी थाना रोड पर मिष्ठान भंडार की लिफ्ट में फंसकर 34 वर्षीय हलवाई की मौत। गर्दन कटने का भयावह हादसा CCTV में कैद, पुलिस ने शुरू की जांच।
हिसार : हरियाणा के हिसार जिले से एक रोंगटे खड़े करने वाला हादसा सामने आया है जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यहां सिटी थाना रोड के एक मिष्ठान भंडार पर रविवार को सुबह करीब 5.15 बजे माल जुलाई वाली लिफ्ट में फंसने से गांव कुंभाखेड़ा के जसबीर (34) की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि लिफ्ट में झटका लगने पर युवक की गर्दन लोहे के एंगल में फंसने से धड़ से अलग हो गई।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पहले हत्या की आशंका जताई। मगर बाद में सी.सी.टी.वी. की फुटेज देखने पर उन्होंने घटना को हादसा माना। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में ले गई। वहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मैडीकल कॉलेज में भेज दिया गया। सिटी थाना पुलिस ने इस संबंध में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अनुसार कुंभा खेड़ा का जसबीर हलवाई था। सिटी थाना रोड के एक मिष्ठानभंडार पर गांव मात्रश्याम निवासी उसका जानकार विजय काम करता है। वह शनिवार रात दुकान में विजय और दूसरे कारिंदे के पास ठहर गया। जानकारी अनुसार जसबीर 5.10 बजे गद्दा उठाकर ऊपर जाने के लिए लिफ्ट में पहुंचा।
सी.सी.टी.वी. फुटेज देखने पर पता चला कि वह दूसरी मंजिल के पास पहुंचा तो गद्दा हिल गया। जसबीर उसे पकड़ने के लिए गर्दन बाहर निकालने लगा। तब लोहे की एंगल से उसकी गर्दन टकरा गई। फिर लिफ्ट का दबाव होने से गर्दन धड़ से कटकर नीचेगिर गई और धड़ लिफ्ट में जा गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मृतक के परिजन मिष्ठान भंडार पर आए। उन्होंने जसबीर मौका देखा तो पहले हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप था कि दुकान में काम करने वाले अन्य कारिंदों ने उसकी हत्या की है। । बाद में पुलिस ने दुकान के अंदर लगे सी.सी.टी.वी. फुटेज देखी। फुटेज देखने के बाद परिजन पुलिस की बात पर सहमत हुए। उधर, डी.एस.पी. प्रिया शर्मा का कहना है कि सिटी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

