हिसार: मय्यड गांव में दिल दहला देने वाली घटना, पति-पत्नी के शव बरामद

हिसार के मय्यड गांव में पति ने पत्नी की हत्या कर की खुदकुशी! सुबह बच्चों ने देखा दोनों का शव। घरेलू विवाद और प्रेम प्रसंग के एंगल से पुलिस जांच जारी।

 
घरेलू विवाद हत्या आत्महत्या

हिसार: हिसार के मय्यड गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. आरोप है कि एक पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और इसके बाद खुदकुशी कर ली. इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए हिसार के सामान्य अस्पताल भेज दिया.

सुबह बच्चों ने देखा शव: परिजनों के अनुसार रात में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ गया कि बलजीत ने पत्नी दर्शना की हत्या कर दी. इसके बाद उसने कमरे में खुदकुशी कर ली. सुबह जब बच्चे सोकर उठे तो उन्होंने दोनों के शव देखे, जिसके बाद परिजनों और पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी.

प्रेम संबंध की भी जांच: परिजनों का आरोप है कि बलजीत करीब पिछले पांच सालों से हांसी की एक महिला के संपर्क में था. वह महिला उससे रुपये मांग रही थी और इसी तनाव के चलते यह घटना हुई. हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. पुलिस घरेलू विवाद के साथ-साथ अन्य सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है. मामले में सदर थाना प्रभारी बिरेंद्र ने कहा कि, "प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद का लग रहा है. सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. परिजनों के बयान और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी."

एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार: पुलिस ने जानकारी दी कि फिलहाल दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर एफएसएल जांच कराई जा रही है. रिपोर्ट आने के बाद घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.