हिसार: मंत्री रणबीर गंगवा के नाम पर फर्जी सिम निकालकर ठगी करने वाले गिरफ्तार

हरियाणा के मंत्री रणबीर गंगवा के नाम से फर्जी सिम जारी कर अधिकारियों और भाजपा नेताओं को धमकाने वाले दो साइबर ठग अलवर से गिरफ्तार। हिसार पुलिस की कार्रवाई।

 
SP Siddhant Jain Hisar

हिसार : हरियाणा के लोक निर्माण (PWD) एवं पब्लिक हेल्थ मंत्री रणबीर गंगवा के नाम पर फर्जी सिम जारी करवाकर अधिकारियों और भाजपा नेताओं को फोन करने वाले दो साइबर ठगों को हिसार पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

आरोपियों को राजस्थान के अलवर जिले के नाडका गांव से गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मंत्री रणबीर गंगवा के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके नाम से सिम कार्ड जारी करवाया। इसी नंबर से पब्लिक हेल्थ विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी और भाजपा नेताओं को कॉल कर प्रभाव जमाने की कोशिश की गई।

आरोपियों ने अंबाला में पब्लिक हेल्थ विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर को फोन कर कहा, "मैं अपना आदमी भेज रहा हूं, उसका काम कर देना।" इसके अलावा पानीपत और करनाल के भाजपा जिलाध्यक्षों को भी कॉल की गई। हालांकि, दोनों जिलाध्यक्ष मंत्री रणबीर गंगवा को व्यक्तिगत रूप से जानते थे। कॉल करने वाले की आवाज और बातचीत के तरीके पर उन्हें संदेह हुआ। उन्होंने मंत्री के निजी नंबर पर संपर्क कर मामले की पुष्टि की, जिसके बाद फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया।

जांच में यह भी सामने आया कि ट्रूकॉलर पर कॉल करने वाले नंबर पर मंत्री रणबीर गंगवा का ही नाम दिखाई दे रहा था। आरोपियों ने अपने व्हाट्सएप प्रोफाइल पर मंत्री के साथ एक कार्यक्रम की फोटो भी लगा रखी थी, जिससे लोगों को भ्रमित किया जा सके। मंत्री के निजी सहायक (PA) अरुण कुमार की शिकायत पर हिसार साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। साइबर थाना और CIA टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर राजस्थान के अलवर से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

हिसार के एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फर्जी सिम कहां से जारी कराई गई और इस गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।