हिसार: नई अनाज मंडी के पास अनियंत्रित ट्रक विमल शोरूम में घुसा, लाखों का नुकसान

हिसार की नई अनाज मंडी के पास एक अनियंत्रित ट्रक विमल शोरूम में जा घुसा। स्टीयरिंग फेल होने से हुए इस हादसे में लाखों के नुकसान की आशंका, कोई जनहानि नहीं।

 
steering failure accident Haryana

हिसार : हिसार शहर की नई अनाज मंडी के पास स्थित विमल शोरूम में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बस स्टैंड की ओर से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक अचानक शोरूम में घुस गया, जिससे शोरूम के बाहर और अंदर लगे ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

शोरूम संचालक ने बताया कि वह रात करीब 8:30 से 9 बजे तक शोरूम पर मौजूद थे। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे पुलिस पीसीआर से फोन आया कि उनके शोरूम में एक ट्रक घुस गया है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। मौके पर ट्रक चालक ने बताया कि ट्रक का स्टेयरिंग फेल हो गया था, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर सीधे शोरूम में जा घुसा। फिलहाल चालक से अधिक बातचीत नहीं हो पाई।

शोरूम संचालक के अनुसार अभी नुकसान का पूरा आकलन नहीं किया गया है। मरम्मत और जांच के बाद ही वास्तविक नुकसान का पता चल सकेगा, लेकिन प्रथम दृष्टया नुकसान काफी बड़ा दिखाई दे रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय शोरूम में कोई मौजूद नहीं था और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना में मुख्य रूप से शोरूम के ढांचे, शीशों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक के अनियंत्रित होने के कारणों की पड़ताल की जा रही है।