Haryana Board HTET News: तीन सप्ताह में समस्याओं का समाधान का आश्वासन, बोर्ड सचिव से मिले परीक्षार्थी

भिवानी बोर्ड मुख्यालय पर एचटेट अभ्यर्थियों का धरना। परीक्षा की त्रुटियों और गलत आंसर की के खिलाफ जताया रोष।
 
Haryana teacher eligibility test news

भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2025 (एचटेट) की त्रुटियों को लेकर बुधवार को प्रदेशभर के अभ्यर्थी शिक्षा बोर्ड मुख्यालय पर एकजुट हुए और धरना दिया। मौके पर पहुंचे बोर्ड सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बातचीत के दौरान तीन सप्ताह में समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया। अभ्यर्थियों ने लिखित आश्वासन मिलने तक बोर्ड का घेराव और धरना जारी रखने की चेतावनी दी।

चार और पांच जुलाई को प्रदेशभर में एचटेट-2025 की परीक्षा हुई थी। इसमें करीब तीन लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा परिणाम से पहले ही प्रश्नों और उत्तर कुंजी को लेकर अभ्यर्थियों की करीब सात हजार आपत्तियां बोर्ड के पास दर्ज कराई गई थीं। इनके समाधान को लेकर अभ्यर्थी लगातार बोर्ड मुख्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।

एचटेट की त्रुटियां दूर कर अभ्यर्थियों को लाभ देने की मांग को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बोर्ड मुख्यालय पहुंचे। बोर्ड सचिव ने अभ्यर्थियों के बीच पहुंचकर बातचीत की। इस दौरान अभ्यर्थियों ने कहा कि वे बार-बार के आश्वासनों से तंग आ चुके हैं। इसलिए इस बार लिखित में समाधान का भरोसा दिया जाए।

लिखित आश्वासन नहीं मिलने पर अभ्यर्थी शिक्षा बोर्ड के मुख्य गेट पर घेराव कर बैठ गए और महात्मा गांधी का पाठ पढ़ने लगे। उनका कहना था कि जब तक लिखित में समाधान का भरोसा नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। अभ्यर्थियों ने कहा कि हर आपत्ति के लिए 100-100 रुपये देने के बावजूद सुधार नहीं हो रहा है। उनका आरोप था कि शिक्षा बोर्ड हर बार गलत आंसर की जारी करता है। यहां तक कि 100 रुपये फीस भरने के बाद भी ओएमआर शीट डाउनलोड नहीं हो रही है।

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि इस बार एचटेट में 20 से 30 सवाल गलत छपे थे। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद की किताबों से सही उत्तर का सबूत देने के बावजूद उनके उत्तर सही नहीं माने जा रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना था कि शिक्षा बोर्ड प्रशासन बार-बार तारीख पर तारीख दे रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार लिखित आश्वासन नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

तीन सप्ताह में सभी अभ्यार्थियों की समस्या का समाधान करेंगे। इसको लेकर हर विषय के विशेषज्ञ की कमेटी बनेगी। इन गलतियों से सीख लेंगे ताकि भविष्य में ऐसी गलतियां न हों।