Haryana HTET Result News: रिवाइज्ड रिजल्ट और आंसर की में गड़बड़ी का आरोप, बोर्ड मुख्यालय के बाहर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

एचटेट परीक्षा में 1-1 अंक से अयोग्य घोषित अभ्यर्थियों ने भिवानी बोर्ड मुख्यालय पर धरना देकर रिवाइज्ड रिजल्ट जारी करने की मांग की।
 
एचटेट आंसर की आपत्ति

भिवानी। एचटेट परिणाम में एक-एक अंक से क्वालीफाई होने से वंचित अभ्यर्थियों ने मंगलवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उत्तर कुंजी और रिवाइज्ड रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दूर-दराज के जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने बोर्ड प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

अभ्यर्थियों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का लिखित और ठोस समाधान नहीं होता तथा संशोधित परिणाम जारी नहीं किया जाता तब तक वे बोर्ड परिसर के बाहर रात-दिन धरने पर डटे रहेंगे। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी में बोर्ड स्तर पर कई खामियां थीं। आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद रिवाइज्ड रिजल्ट में सुधार नहीं किया गया।

इसके चलते कई परीक्षार्थी महज एक-एक अंक से क्वालीफाई करने से रह गए। अभ्यर्थियों ने बताया कि बोर्ड मुख्यालय के कई चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें अब तक केवल मौखिक आश्वासन मिले हैं। इससे नाराज होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

एचटेट अभ्यर्थी सोमवती ने बताया कि परीक्षा में पहले से ही कई गलतियां थीं और बोर्ड की उत्तर कुंजी में भी उससे अधिक कमियां सामने आईं। उन्होंने कहा कि कई अभ्यर्थियों को महज एक-एक अंक से अयोग्य घोषित कर दिया गया। बोर्ड अधिकारियों ने पहले आपत्ति को सही मानते हुए रिवाइज्ड रिजल्ट में सुधार का आश्वासन दिया था लेकिन परिणाम में कोई बदलाव नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को मौखिक दिलासा नहीं चाहिए। लिखित समाधान मिलने तक वे रात-दिन धरने पर बैठे रहेंगे।

अधिकारियों के ढुलमुल रवैये अपनाने का आरोप
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने बोर्ड अधिकारियों पर उदासीन और ढुलमुल रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि इस बार वे किसी खोखले आश्वासन पर पीछे नहीं हटेंगे। सभी आपत्तियों का निस्तारण कर संशोधित परिणाम जारी होने तक धरना जारी रखने की बात कही।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के एचटेट का इस बार सबसे अच्छा परीक्षा परिणाम रहा है। मैं आज चंडीगढ़ बैठक में गया हुआ था। बुधवार को बोर्ड मुख्यालय के अधिकारियों से इस पर विस्तृत चर्चा कर अभ्यार्थियों ने जो मांगे रखी हैं, उस पर सकारात्मक सोच के साथ मंथन कर उनका समाधान किया जाएगा।