Haryana News: हरियाणा में खुदाई के दौरान मिले मानव कंकाल और प्राचीन मटके, लोगों में मचा हडकंप

 
हरियाणा में खुदाई के दौरान मिले मानव कंकाल और प्राचीन मटके, लोगों में मचा हडकंप

Haryana News: हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा के खंड जुलाना के गांव देवरड़ में शनिवार को तालाब में खोदाई कर रहे मनरेगा मजदूरों को कंकाल और प्राचीन काल के मटके मिले। कंकालों को देखकर मजदूर डर गए और काम रोक दिया गया।

शनिवार को देवरड़ में मनरेगा के तहत तालाब की खोदाई का कार्य चल रहा था। मजदूरों को खोदाई के दौरान कुछ मटके दिखाई दिए। जब और गहराई में खोदा गया, तो वहां मानव कंकाल मिले।

जानकारी के मुताबिक, तालाब में अब तक लगभग 10 से 12 कंकाल मिल चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार तालाब में मिले कंकालों की लंबाई सामान्य से ज्यादा है। मानव जबड़े भी काफी बड़े हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंकाल की लंबाई सात से आठ फीट है। 

 तालाब की जगह कब्रिस्तान था

मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीण राममेहर ने बताया कि आजादी से पहले गांव में मुसलमान रहते थे। पहले इस तालाब की जगह कब्रिस्तान होता था। तालाब में मिल रहे कंकाल कब्रिस्तान में दफनाए गए मुस्लिम समुदाय के लोगों के हो सकते हैं। बुजुर्गों के अनुसार आजादी के बाद भी इस जगह लोग आने से कतराते थे। समय बीतता गया और यहां पर तालाब बन गया।

गांव की सरपंच सुनील कुमारी ने बताया कि कई दिन पहले भी तालाब में खोदाई के दौरान हड्डियों के टुकड़े मिले थे। शनिवार को करीब सात फीट गहरी खोदाई की तो हड्डियां व पुराने मटके मिले। प्रशासन को इस बारे में सूचना दे गई है। फिलहाल खोदाई का काम रोका गया है।