जींद के कारोबारी विजेंद्र मोर हत्याकांड का खुलासा, पूर्व लिव-इन पार्टनर पति संग गिरफ्तार

यूपी के जालौन में जींद निवासी कारोबारी विजेंद्र मोर की हत्या की गुत्थी सुलझी। 5 करोड़ की जमीन के लालच में पूर्व लिव-इन पार्टनर सपना और उसके पति मोहित ने रची थी साजिश। 50-50 हजार के इनामी दंपति गिरफ्तार।

 
हरियाणा न्यूज हिंदी

जींद: उत्तर प्रदेश के जालौन में जींद निवासी कारोबारी विजेंद्र मोर की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस अनुसार कारोबारी की पूर्व लिव-इन पार्टनर सपना रानी और उसके पति मोहित मलिक ने करोड़ों रुपए की जमीन के लालच में विजेंद्र मोर की हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने पहले कारोबारी का अपहरण किया और बाद में उसकी हत्या कर शव को यू.पी. के जिले हमीरपुर के जंगल में ले जाकर करीब 40 लीटर डीजल डालकर जला दिया। पुलिस अनुसार 4 मई 2026 की सुबह जींद निवासी कारोबारी विजेंद्र मोर (52) का जालौन के रिनिया गांव स्थित उनने ट्यूबवैल से कार सवार बदमाश ने अपहरण कर लिया था।

पुलिस अनुसार घटना से करीब 15 दिन पहले आरोपी मोहित और उसकी पत्नी सपना रिनिया फाटक के पास पहुंचे थे और इलाके की रैकी की थी। इसके बाद 6 लोगों ने मिलकर अपहरण और हत्या की वारदात को अंजाम दिया। सी.सी.टी.वी. फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों 50-50 हजार रुपए के ईनामी दम्पति सपना रानी और मोहित मलिक को कदौरा थाना क्षेत्र स्थित चितैला फार्म हाऊस से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर जंगल से कारोबारी की अधजली हड्डियां बरामद करने का भी दावा किया है।

पुलिस मुताबिक सपना की पहली शादी वीरेंद्र नामक व्यक्ति से हुई थी। साल 2021 में पति की मौत के बाद उसकी मुलाकात विजेंद्र मोर से हुई। दोनों करीब 5 साल तक लिव-इन में रहे। बाद में सपना ने मोहित से शादी कर ली। जालौन के एस.पी. विनय कुमार सिंह अनुसार विजेंद्र का हरियाणा निवासी आजाद सरपंच के साथ लगभग 5 करोड़ रुपए की जमीन के सौदे को लेकर विवाद चल रहा था। जमीन लेने के बाद पूरी रकम का भुगतान नहीं किया गया था। आरोप है कि करीब 4 करोड़ रुपए बचाने के लालच में अन्य आरोपियों को साथ लेकर विजेंद्र की हत्या की साजिश रची गई। इस षड्यंत्र में मोहित और सपना भी शामिल हुए। वारदात में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

उल्लेखनीय है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा जा रही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम की गाड़ी नूंह के तावड़ क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। इसमें 4 पुलिस कर्मियों के अलावा मामले के शिकायतकर्ता और कारोबारी के मौसेरे भाई अमरीक की मौत हो गई थी।