जींद: होटल की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, 6 आरोपी गिरफ्तार
जींद : पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह आईपीएस के कुशल दिशा निर्देशन में जींद पुलिस द्वारा अपराध एवं अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिविल लाइन जींद ने एक होटल में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश करते हुए छ: आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
थाना सिविल लाइन जींद के प्रभारी पी/उप निरीक्षक आशीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें महिला कॉलेज के समीप स्थित कुछ होटलों में देह व्यापार संचालित होने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा यह ऑपरेशन चलाया गया। फर्जी ग्राहक के माध्यम से होटल संचालकों से संपर्क स्थापित कर सौदा तय किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान होटल से तीन महिलाओं व तीन पुरुषों को मौके पर काबू किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी होटल की आड़ में अनैतिक देह व्यापार गतिविधियों का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने मौके से नकदी तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में थाना सिविल लाइन जींद में आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 6 के तहत मामला दर्ज करके आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जींद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

